-

अमरीकी साम्राज्यवाद का नया चेहरा: वेनेजुएला पर हमला और मादुरो का अपहरण—वैश्विक शांति के लिए खतरा

नई दिल्ली | वेब वार्ता

वेनेजुएला पर हमला: अमरीका का राष्ट्रपति कोई भी हो, वह किसी भी देश पर हमला करा सकता है, किसी भी संप्रभु एवं स्वतंत्र देश के राष्ट्रपति को अगवा करा अमरीकी जेल में डाल सकता है अथवा फांसी पर लटका सकता है। अमरीकी राष्ट्रपति किसी भी देश के बेशकीमती संसाधनों, तेल एवं खनिज और सत्ता पर कब्जा कर सकता है। कोई भी देश, रूस और चीन भी, अमरीकी राष्ट्रपति को कोसते रहें अथवा चेतावनियां जारी करते रहें, लेकिन अमरीका ही दुनिया का सबसे ‘खूंख्वार डॉन’ है।

उसके सामने संयुक्त राष्ट्र आम सभा और सुरक्षा परिषद बिल्कुल नपुंसक और बेमानी हैं। अमरीकी राष्ट्रपति का आदेश ही ‘वैश्विक कानून’ है। अमरीकी राष्ट्रपति को वहां की संसद (कांग्रेस) और अदालत की भी परवाह नहीं है। वह ही ‘वैश्विक साम्राज्यवादी शासक’ है।

मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला पर गहरी रात में, करीब 2 बजे, चौतरफा हमले करा और वहां के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को उनके बेडरूम में ही बंधक बना कर साबित कर दिया है कि दुनिया अमरीका के मुताबिक ही चलेगी। अमरीकी सत्ता को कोई चुनौती नहीं दे सकता। राष्ट्रपति ट्रंप ने बार-बार दोहराया कि जो मादुरो के साथ हुआ है, वह किसी के भी साथ हो सकता है।

लिहाजा डर, खौफ और खतरा भांपते हुए ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई ने सेनाओं को अलर्ट कर दिया है और सीमाओं पर तैनाती के आदेश दिए हैं। क्या अगली बारी ईरान के सुप्रीम लीडर की है। बहरहाल राष्ट्रपति ट्रंप ने कथित तानाशाह मादुरो को हटाने और नार्को आतंकवाद के अपराध में दंडित करने के लिए ही वेनेजुएला के रक्षा मंत्री के आवास, हवाई अड्डे, एयरबेस, वायुसेना मुख्यालय, सैन्य रणनीतिक कार्यालय आदि पर बम-वर्षा के आदेश दिए हों, दरअसल ऐसा नहीं है।

वेनेजुएला पर असली नजर क्यों

अमरीका की नजरें वेनेजुएला के करीब 305 अरब बैरल तेल के भंडारों और 1.36 ट्रिलियन डॉलर से अधिक मूल्य के बेशकीमती खनिजों पर थी। दुनिया के 20-22 फीसदी से अधिक तेल के भंडार वेनेजुएला में हैं। मादुरो को बंधक बनाने के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने जो प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उसमें उन्होंने साफ ऐलान कर दिया कि अब वेनेजुएला पर अमरीका का कब्जा है। जो ऑपरेशन किया गया, वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा ऑपरेशन था। अब वेनेजुएला के तेल कारोबार को अमरीकी कंपनियां देखेंगी। अमरीका खूब पैसा कमाएगा। मादुरो के शासन में अमरीकी तेल की चोरी की गई। अब मादुरो और उनकी पत्नी पर अमरीका में ही मुकदमा चलाया जाएगा।

हम मादुरो को कड़ी सजा दिलवाएंगे। अमरीका ने पनामा के तानाशाह राष्ट्रपति मैनुअल नोरिएगा, ग्रेनेडा के शासक, इराक के राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन, लीबिया के तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी आदि को गिरफ्त में लेकर जो बर्ताव किया था, संभवत: वही नियति मादुरो की लगती है। अमरीकी विशेष कमांडोज ने ही अलकायदा के सरगना लादेन और आईएसआईएस के खलीफा सरगना बगदादी को भी खत्म किया था।

दरअसल अमरीका के सामने वेनेजुएला ‘मेमना देश’ है, लिहाजा वह क्या चुनौती देता। राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को ‘सेफ हाउस’ से ही अगवा किया गया, तब पूरी सुरक्षा व्यवस्था क्या कर रही थी। वेनेजुएला के लाखों सैनिक और मिलिशिया कहां थे। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि हमने वेनेजुएला की सैन्य-क्षमता को बिल्कुल शक्तिहीन कर दिया।

वैश्विक प्रतिक्रिया और संयुक्त राष्ट्र की लाचारी

 

बेशक यूरोपीय संघ के अधिकतर देशों, रूस, चीन, ईरान, क्यूबा, ब्रिटेन, मेक्सिको, ब्राजील, कोलंबिया आदि ने अमरीकी हमले की निंदा की है। उसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन करार दिया है। इन बयानों से क्या होगा। यदि मामला सुरक्षा परिषद में जाता है, तो अमरीका उस प्रस्ताव के खिलाफ ‘वीटो’ कर देगा। इसी तरह प्रस्ताव रूस और चीन के खिलाफ आए हैं, तो वे ‘वीटो’ करते रहे हैं।

राष्ट्रपति ट्रंप ने साबित कर दिया है कि वह ही दुनिया के ‘सुप्रीम’ हैं। जो अमरीका का विरोध करेंगे या साजिशों में शामिल होंगे, उनका हश्र मादुरो जैसा ही होगा। लिहाजा यूरोप का यह कथन सटीक लगता है कि ट्रंप दुनिया के लिए नया खतरा हैं। वेनेजुएला की नेता प्रतिपक्ष मारिया कोरिना को 2025 में नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया था। संभव है कि उन्हें वेनेजुएला का नेतृत्व सौंप दिया जाए।

वेनेजुएला: ट्रंप का असली चेहरा सामने आया

शांति का नोबेल पुरस्कार हासिल करने की तमन्ना लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व’ चलाकर वेनेजुएला पर शनिवार स्थानीय समय के अनुसार 02:01 बजे हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस समेत गिरफ्तार कर लिया और उन्हें हवाई मार्ग से अमेरिका ले आया गया। अमेरिकी विमान से मादुरो को जब उतारा जा रहा था तो उनकी आंखों पर पट्टी बंधी थी और हथकड़ियां भी लगी थीं। यह दृश्य देखकर इतिहास खुद को दोहराता है, वाली मिसाल याद आ गई।

लेकिन यह नहीं पता था कि इतिहास इतनी जल्दी दोहराया जाएगा। अभी 21वीं सदी शुरु ही हुई थी कि इराक पर अमेरिका ने विनाशकारी हथियारों की तलाश के नाम पर आक्रमण किया और तत्कालीन शासक सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर फांसी पर भी चढ़ा दिया। फिर पता चला कि ऐसे कोई हथियार इराक में थे ही नहीं। शायद अमेरिका को हथियारों की तलाश थी भी नहीं, उसे इराक के प्राकृतिक संसाधनों का कब्जा चाहिए था, जो उसे मिल गया। यही खेल अब वेनेजुएला में खेला गया है।

भारत और वैश्विक राजनीति का मौन

डोनाल्ड ट्रंप ने निकोलस मादुरो पर गलत तरीके से सत्ता हथियाने का आरोप लगाने के साथ ड्रग्स तस्करी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं और उनका कहना है कि अब मादुरो को पत्नी समेत अमेरिका की कड़ी न्याय व्यवस्था का सामना करना पड़ेगा। मानो सारी दुनिया का ठेका अमेरिका को मिल चुका है कि उसका राष्ट्रपति जब चाहे किसी संप्रभु देश पर आक्रमण कर दे और वहां के नेता को अमेरिकी कटघरे में खड़ा कर दे।

हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें

ये भी पढ़ें: सावित्रीबाई फुले—देश की पहली महिला शिक्षिका, जिन्होंने बालिका शिक्षा की नींव रखी और कुरीतियों से लड़ी जंग

LATEST POSTS

कब पुनः शुरू होगी वरिष्ठ नागरिकों की रेल यात्रा छूट?

-निर्मल रानी-  मार्च 2020 में कोरोना महामारी के दौरान दुनिया के अनेक देशों में तरह तरह के अभूतपूर्व फ़ैसले लिये गये थे। प्रायः ऐसे  फ़ैसलों का...

अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर वैश्विक प्रतिक्रिया, पाकिस्तान की भूमिका को मिला अंतरराष्ट्रीय समर्थन

वाशिंगटन/तेहरान, 08 अप्रैल (वेब वार्ता)। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई देशों...

अमेरिका-ईरान युद्धविराम: 14 दिन की सीजफायर डील और शर्तें

तेहरान/वाशिंगटन, 08 अप्रैल (वेब वार्ता)। करीब 40 दिनों से जारी अमेरिका और ईरान के बीच भीषण सैन्य संघर्ष पर फिलहाल विराम लग गया है। दोनों...