हरदोई, लक्ष्मीकान्त पाठक | वेब वार्ता
निर्वाचक नामावली प्रकाशन: जनपद हरदोई में त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों की निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मतदाता सूचियों का वृहद पुनरीक्षण किया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने जानकारी दी है कि संशोधित समय-सारणी के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
16 मार्च तक होंगे दावे और आपत्तियों का निस्तारण
जिलाधिकारी ने बताया कि 16 मार्च 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत हस्तलिखित पांडुलिपियों की तैयारी कर उन्हें सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा कराया जाएगा। साथ ही संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं को सूची से हटाने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
पूरक सूचियों का होगा कंप्यूटरीकरण
दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद पूरक सूचियों का कंप्यूटरीकरण कर उन्हें मूल मतदाता सूची में समाहित किया जाएगा। आवश्यकतानुसार मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का पुनः निर्धारण भी किया जाएगा, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
17 मार्च से 13 अप्रैल तक तकनीकी प्रक्रिया
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि 17 मार्च से 13 अप्रैल 2026 तक मतदाता सूचियों के कंप्यूटरीकरण, मतदान केंद्रों के क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, सूची डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां तैयार करने का कार्य किया जाएगा।
15 अप्रैल को होगा अंतिम प्रकाशन
सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात 15 अप्रैल 2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन जनसामान्य के लिए किया जाएगा, ताकि मतदाता अपने नामों का सत्यापन कर सकें।
व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रकाशन प्रमुख समाचार पत्रों में कराया जाए। साथ ही इसकी जानकारी कार्यालयों के सूचना पट पर भी अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसके निर्माण में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
👉 हरदोई और निर्वाचन से जुड़ी ताजा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta







