Saturday, February 21, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

ललितपुर: ट्रक ड्राइवर से मारपीट और रंगदारी का आरोप, अवैध खनन की छाया में वसूली का खेल

ललितपुर, आलोक चतुर्वेदी | वेब वार्ता

जनपद ललितपुर में अवैध खनन और उससे जुड़े कथित वसूली तंत्र को लेकर एक बार फिर गंभीर आरोप सामने आए हैं। 21 फरवरी 2026 को तालबेहट कोतवाली क्षेत्र में एक ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट और “एंट्री” के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि महीना न देने पर उसके साथ न केवल मारपीट की गई बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।

“एंट्री” के नाम पर 12 हजार रुपये की मांग

असउपुरा निवासी रामकुमार अहिरवार पुत्र स्व. कामता अहिरवार ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि सुबह करीब 11:30 बजे वह रोंडा के पास बैठा था। तभी खजुरिया निवासी चन्द्रभान पाल बोलेरो गाड़ी से पहुंचा और इस महीने की “एंट्री” देने का दबाव बनाने लगा। पीड़ित के अनुसार, उससे हर माह करीब 12,000 रुपये वसूले जाते रहे हैं।

मना करने पर मारपीट और धमकी

पीड़ित का आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ फरार हो गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

खनन और वसूली को लेकर पहले भी उठे सवाल

जिले में अवैध खनन को लेकर पहले भी कई हादसे और विवाद सामने आ चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खनन से जुड़े वाहनों से नियमित रूप से अवैध वसूली की जाती है और विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जाता है।

खान विभाग की भूमिका पर प्रश्न

इस मामले में खान विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। जिला खान अधिकारी अमितोश वर्मा ने प्रारंभ में जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का प्रयास किया, हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी वायरल हो चुका है वीडियो

गौरतलब है कि इससे पूर्व एक ट्रक चालक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित रूप से हर माह एंट्री वसूले जाने का आरोप लगाते नजर आया था। उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच जारी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने यह प्रश्न और गहरा कर दिया है कि अवैध खनन और कथित वसूली तंत्र पर प्रभावी अंकुश कब लगेगा।

👉 ललितपुर और यूपी की ताजा खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप्प चैनल को फॉलो करें – Web Varta

ये भी पढ़ें: ललितपुर: दुकान में चोरी करने वाले तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी व सर्विलांस से हुआ खुलासा

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img
spot_img