Webvarta Desk: Suvendu Adhikari Rally West Bengal: एक दिन पहले कोलकाता के रोड शो (Kolkata Road Show) में पथराव के बाद मंगलवार को भी बीजेपी नेता सुवेंद अधिकारी की रैली से पहले हमला किए जाने की घटना सामने आई है।
पूर्वी मेदिनीपुर के खेजुरी में आयोजित रैली (Suvendu Adhikari Rally) में शामिल होने जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर देसी बम और पत्थरों से हमला किया गया। इस हमले में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कुछ के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। हमले के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम कर दीं। बीजेपी ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ बताया है। हालांकि सत्तारूढ़ दल ने इस आरोप से इनकार किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब सवा दो बजे हुई, तब बीजेपी कार्यकर्ता रैली (Suvendu Adhikari Rally) में शामिल होने खेजुरी जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रैली स्थल पर व्यस्त थे। उन्होंने कहा, ‘यह घटना करीब सवा दो बजे हुई। कुछ अज्ञात लोगों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया जो रैली में जा रहे थे। उनमें से कुछ घायल हो गए। हम मामले की जांच कर रहे हैं और स्थिति नियंत्रण में है।’
रोड शो में हुआ था बवाल, केंद्रीय मंत्री भी थे मौजूद
बता दें कि गत सोमवार को कोलकाता के व्यस्त रासबिहारी एवेन्यू इलाके में सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) के रोडशो में ईंट और पत्थर फेंके गए थे। इस रोडशो में केंद्रीय मंत्री देबाश्री चौधरी, बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष भी मौजूद थे। हमला करने वाले लोग हाथों में टीएमसी का झंडा लिए हुए थे। नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उपद्रवियों का पीछा किया पर आसपास की गलियों में गुम हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव फैल गया था।