शाहजहांपुर, (वेब वार्ता)। कांट के मीरवैश्यपुर गांव के सात साल के बच्चे उत्तम सिंह की निर्मम तरह से हत्या कर दी गई। वह शनिवार की सुबह से लापता था। रविवार की शाम उसकी लाश उसके ताऊ के गेहूं के खेत में पड़ी मिली थी। उसके गले व पेट पर नुकीली चीज के निशान थे। जिसे देख तंत्रमंत्र की आशंका जताई जा रही है। उसके गले में सूजे से चुभने के तीन व पेट पर लाइन से तोंदी तक छह-सात चुभने के निशान हैं। जिन्हें खरोंच कर मिलाया भी गया। निशान के चारों ओर झुलसा हुआ है। जिससे माना जा रहा है कि सूजा गर्म कर चुभोया गया है। साथ ही सूजा ऐसा चुभोया गया कि मासूम का लीवर तक फट गया। वहीं, उसका एक दांत मीसिंग हैं।
हिरासत में एक तांत्रिक, चल रही पूछताछ
कांट के जमुनिया गांव के एक तांत्रिक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है। बता दें कि तांत्रिक करीब 10 साल पूर्व जेल भी जा चुका है। उसके कहने पर एक परिवार ने बच्चे को जमीन में दफना दिया था, फिर निकाल लिया था। इसके अलावा पुलिस ने अन्य तांत्रिकों की लिस्ट निकलवाई है।
एक ही परिवार के दो लोग भी हिरासत में
उत्तम सिंह की मौत के बाद पुलिस ने अपनी पड़ताल शुरू की। पता चला कि एक परिवार ऐसा है। जिससे उत्तम सिंह के परिवार का मामूली विवाद हो जाता था। पुलिस ने मामले को हल्के में न लेकर उस परिवार के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
मां ने सीने से लगा लिया बेटे का शव
उत्तम सिंह की मौत से उसकी मां विनीता व पिता नन्हे सिंह बेसुध हो गए हैं। सोमवार शाम घर पहुंचे शव को देख मां विनीता दौड़ पड़ी और उसे अपने सीने से लगा लिया। विनीता की हालत देख सभी की आंखें भर आईं। फिर पुलिस फोर्स की मौजूदगी में पिता नन्हे सिंह ने अपने वच्चे के शव को दफनाया।
टीमों ने डाला डेरा, जरा-जरा सी जुटा रही जानकारी
पुलिस टीम ने मीरवैश्यपुर गांव में डेरा डाल दिया है। एक टीम ने पता किया गांव के कोई ऐसा तो नहीं, जो बच्चों को लेकर परेशान है। दूसरी टीम ने पता कि कौन-कौन ऐसे लोग हैं, जो तंत्र विद्या में पड़े हुए हैं। तीसरी टीम ने पता कि बच्चा कहां-कहां जाता था। परिवार की कोई दुश्मनी तो नहीं थी। फिलहाल परिवार वाले अभी भी कोई दुश्मनी न होने की बात कह रहे हैं।