29.1 C
New Delhi
Friday, September 22, 2023

महानगर के सूख चुके पार्क में बोरिंग शुरू, नए पौधे लगेंगे

-महानगर के चन्द्रशेखर पार्क में तीन हजार पेड़ पौधों के सूखने के बाद जलकल ने बोरिंग शुरू करायी

लखनऊ, (वेब वार्ता)। पांच करोड़ से बने महानगर के चन्द्रशेखर पार्क में जब सारे पेड़ पौधे सूख गये तब जल निगम के अफसरों को पम्प लगाने का होश आया। जलकल के अधिकारी गुरुवार को यहां पम्प लगाने के लिए बोरिंग शुरू कराने पहुंचे। नगर निगम के उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। उन्हें भी पार्क में एक भी पेड़ पौधा हरा भरा नहीं मिला है। शासन ने 15 दिनों में पार्क से सूख पौधे हटाकर इनकी जगह नए लगाने का निर्देश दिया है।

चन्द्रशेखर आजाद पार्क में करीब डेढ़ करोड़ से पेड़ पौधे लगाए गए थे। पम्प खराब हो गया तो पौधों को पानी ही नहीं मिल पाया। नगर निगम ने जलकल को पम्प लगाने के लिए कई पत्र लिखे। लेकिन जलकल ने कोई ध्यान नहीं दिया। पानी बिना करीब तीन हजार पेड़ पौधे पूरी तरह सूख गए। पूरा पार्क वीरान हो गया है। हरियाली के नाम पर एक घास तक नहीं है। हिन्दुस्तान ने 23 मार्च के अंक में इसकी खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। खबर को शासन, डीएम व कमिश्नर ने भी संज्ञान लिया। शासन के निर्देश के बाद अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह ने इस मामले में निगम के उप निदेशक उद्यान से रिपोर्ट तलब की। अधिकारियों ने खुद पार्क का निरीक्षण किया। पार्क की दशा देख अधिकारी भी दंग रह गये। शासन के कड़े रुख के बाद जलकल के अधिकारी नींद से जागे। आनन फानन में यहां पम्प की बोरिंग के लिए सामान गिरा दिया गया। बोरिंग के लिए गड्ढा भी खोद दिया गया। शुक्रवार से यहां बोरिंग काम शुरू हो जाएगा।

15 दिनों में सूखे पौधे हटाकर नए लगाने का निर्देश

नगर निगम को 15 दिनों के भीतर पार्क में नए पौधे लगाने का निर्देश दिया गया है। सूखे पेड़ पौधों को हटाया जाएगा। उप निदेशक उद्यान गंगाराम गौतम ने कहा कि पम्प चालू होने के 15 दिनों के भीतर पार्क के सभी सूखे पौधों को हटा दिया जाएगा। इसकी जगह नए पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की नर्सरी में काफी पौधे रखे हैं। जी 20 में लाए गए पौधे यहां लगाए जाएंगे।

पौधे सूखने को लेकर नगर निगम, जलकल आमने सामने

महानगर के चन्द्रशेखर पार्क में लगे हजारों पेड़ पौधों के सूखने के मामले में जलकल व नगर निगम के अफसर आमने सामने आ गये हैं। नगर निगम के उप निदेशक उद्यान गंगाराम गौतम ने कहाकि जलकल को पम्प खराब होने और इसकी जगह नया लगाने के लिए कई पत्र लिखे गए। लेकिन जलकल ने पम्प नहीं लगाया। जिससे सारे पौधे सूख गए। उधर जलकल के जीएम राम कैलाश ने कहा कि उन्हें नगर निगम का पम्प के सम्बंध में कोई पत्र नहीं मिला। तीन दिन पहले ही चार जगहों पर पम्प खराब होने का पत्र आया है। उन्होंने कहा कि बोरिंग के लिए मशीनें पहुंचा दी गयी हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

10,370FansLike
10,000FollowersFollow
1,145FollowersFollow

Latest Articles