शाहजहांपुर (वेब वार्ता)- कलान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए गुरुवार की सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हो गया। नगर पंचायत में 7 मतदान केंद्र व 23 बुथ बनाए गए हैं। आरओ/ एसडीएम कलान दशरथ कुमार और सीओ अनूप सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए शांतिपूर्ण मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रभारी निरीक्षक कलान गौरव त्यागी ने पुलिस बल के साथ मतदान केंद्रों के बाहर जमा भीड़ को खदेड़ा। उन्होंने अनावश्यक भीड़ लगाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष चुनने के लिए मतदाताओं में काफी उत्साह दिखा। नगर पंचायत कलान में 20928 मतदाता नगर पंचायत अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए मतदान करेंगे। कई बूथों पर तो सात बजे के पहले यानी मतदान शुरू होने से पहले ही मतदाता पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें कतार में लगवाया। मतदान केंदों पर उमड़ी भीड को नियंत्रित करने और चुनाव आयोग की गाइडलाइन का पालन कराने में पुलिस को पसीना आ गया। नगर में शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है।