कुशीनगर, 30 अगस्त (ममता तिवारी)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के पडरौना नगर के रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर बनाने की मिली स्वीकृति विकास में मील का पत्थर है। नगर के लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं। लोगों को कहना है कि इसका निर्माण पूरा होने के बाद शहर की तस्वीर बदल जाएगी। इसके अलावा रेलवे ढाले पर हर दिन लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी।
नगर के मुख्य मार्ग पर ओवरब्रिज की मिली स्वीकृति स्वागत योग्य है। इससे नगर के विकास को गति मिलने के साथ ही नगर में जाम की समस्या से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। रेलवे ढाला बंद होने के बाद रेलवे लाइन के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। इसमें फंसे लोगों को निकलने में 20 से 25 मिनट तक का समय लग जाता है। ओवरब्रिज बनने से राहत मिलेगी।
इस संबंध में सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि मुख्य मार्ग पर फ्लाईओवर के स्थान पर अंडरपास बनाने के लिए नगर के व्यवसायियों ने मांगपत्र दिया है। इस संबंध में रेलवे के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
वहीं जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि कप्तानगंज-थावे रेल मार्ग के फाटक संख्या 68 पर फ्लाईओवर बनाने की योजना है। इसके लिए रेलवे अधिकारियों की तरफ से सर्वे कराया गया है। अधिकारियों की तरफ से उपलब्ध सर्वे पर स्वीकृति मिलने के बाद कई अन्य प्रक्रिया पूरी करनी होती है। सभी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ होगा।
सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि पडरौना शहर में जाम से हर दिन करीब 50 हजार आबादी प्रभावित होती है। केंद्रीय रेल मंत्री से मिलकर यहां आरओबी एवं अंडरपास बनवाने की स्वीकृति देने का अनुरोध किया था। स्वीकृति मिली और उसका सर्वे भी करा लिया गया। कुछ व्यवसायियों ने इससे आगे चलकर उन्हें परेशानी होने की बात कही हैए लेकिन कोतवाली रोड पर अंडरपास बनेए तब भी उसमें पानी भरने पर समस्या आएगी। रेलवे के डीआरएम को व्यापारियों की इस बात से अवगत करा दिया जाएगा।