पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह कल नई दिल्ली में पुरस्कार ग्रहण करेंगे
लखनऊ(वेबवार्ता)-देश के समस्त राज्यों एवं संघ क्षेत्र प्रशासन द्वारा प्रेषित प्रविष्टियों में उ0प्र0 के पर्यटन विभाग को साउन्ड एण्ड लाइट शो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चुना गया है। कल 28 मार्च, 2023 को शाम 07ः30 बजे नई दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित चिन्तन शिविर में इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए केन्द्रीय पर्यटन मंत्री जी0 किशन रेड्डी द्वारा प्रदेश के पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत सभी राज्यों एवं संघ क्षेत्र प्रशासन से साउन्ड एण्ड लाइट शो प्रदर्शन के संबंध में प्रविष्टियॉ आमंत्रित की गयी थी। इस प्रतियोगिता में गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में साउन्ड एण्ड लाइट शो को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए चुना गया है। सम्मान प्राप्त करने के लिए अपर सचिव पर्यटन राकेश कुमार वर्मा पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम को 24 मार्च, 2023 को अवगत कराया गया था।