लखीमपुर खीरी (वेबवार्ता)-डीएम महेंद्र बहादुर सिंह से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में गन्ना महकमे के अफसरों ने गन्ना क्रय केंद्रों का ताबड़तोड़ निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की पड़ताल की , डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के निर्देश, डीसीओ वेद प्रकाश सिंह के नेतृत्व में जनपद के सभी गन्ना क्रय केंद्रों पर सभी अनुमन्य, मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित कराने सहित गन्ना उतराई के नाम पर किसानों से कोई वसूली ना हो इसे सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से अफसर भ्रमणसील रहे। उन्होंने गन्ना समिति फरधान के तहत चीनी मिल कुंभी, हरगांव, गोला, गुलरिया व खंभारखेड़ा संचालित क्रय केंद्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण में किसी भी क्रय केंद्र पर गन्ना उतराई लेने का प्रकरण सामने नहीं आया। गोला चीनी मिल से संबंधित क्रय केंद्र मोहम्मदपुर एवं गुलरिया चीनी मिल से संबंधित क्रय केंद्र हरिहरपुर प्रथम व अंबूपुर संचालित नहीं मिला, जिसे तत्काल संचालित करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण में अन्य सारी व्यवस्थाएं सही मिली। शनिवार को ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक कुंभी अजीत सिंह व सचिव मोहम्मदी सूबेदार सिंह ने संयुक्त रूप से कुंभी चीनी मिल के विभिन्न क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। गन्ना विकास परिषद कुंभी परिक्षेत्र के सभी क्रय केंद्र संचालित मिले। इस दौरान वहां मौजूद किसानों से संवाद कर जरूरी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
भूपतपुर क्रय केंद्र पहुंची अफसरों की टीम, कृषकों से किया संवाद
क्रय केंद्र भूपतपुर पर गन्ना का उठान न होने की शिकायत का संज्ञान लेकर अफसरों की टीम संबंधित क्रय केंद्र पर जा पहुंची, जहां निरीक्षण के दौरान वहां गन्ने का उठान होते हुए मिला। शिकायतकर्ता कृषक के साथ मौके पर उपस्थित सभी कृषकों से वार्ता की गई और सभी कृषक संतुष्ट मिले। सभी क्रय केंद्रों पर गन्ना उतराई के लिए वसूली के संबंध में जानकारी ली, लेकिन सभी क्रय केंद्रों पर गन्ना उतराई हेतु कोई चार्ज वसूली न होने के संबंध में बताया।
गन्ना उतराई के लिए पैसे मांगने पर करें शिकायत, होगी कार्यवाही
जिला गन्ना अधिकारी वेदप्रकाश ने बताया कि गन्ना विभाग द्वारा पूर्व में ही निर्देश दिये जा चुके हैं कि किसी भी गन्ना कृषक से गन्ना उतराई के नाम पर कोई धनराशि न ली जाये। ऐसा पाये जाने पर सम्बन्धित गन्ना किसान क्षेत्रीय ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सचिव, गन्ना समिति और जिला गन्ना अधिकारी के मोबाइल नंबर पर तत्काल सूचित करें। सम्बन्धित के विरूद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई की जायेगी। सभी चीनी मिलों को निर्देश दिया है कि जनपद में इस प्रकार की उतराई के नाम पर वसूली नहीं होनी चाहिए। क्रय केंद्रों के निरीक्षण के दौरान किसानों से संवाद करके उन्हें जागरूक किया जा रहा है।