कुशीनगर, 25 सितंबर (ममता तिवारी)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा व समर्पण का विराट प्रतीक है। जब भी मानवता के कल्याण की बात होगी, पंडित जी के एकात्म मानववाद दर्शन का सिद्धांत सम्पूर्ण मानवजाति को सदैव ध्रुव तारे की तरह मार्गदर्शित करेगा। उनका मानना था कि भोजन से लेकर विचारों तक की आत्मनिर्भरता ही राष्ट्र को विश्व में उसका स्थान दिला सकती है। आज यही संकल्प आत्मनिर्भर भारत की मूल अवधारणा है।
यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सदस्य विधान परिषद डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को रविन्द्र नगर स्थित भाजपा कार्यालय में पं दीनदयाल उपाध्याय जयन्ती पर आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में कहा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक गम्भीर दार्शनिक एवं गहन चिंतक होने के साथ-साथ वह एक ऐसे समर्पित संगठनकर्ता और नेता थे जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम आयाम स्थापित किये। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही वह इसके वैचारिक मार्गदर्शक और नैतिक प्रेरणा-स्रोत रहे हैं। उनका राजनीतिक दर्शन मानव मात्र की आवश्यकताओं के अनुरूप और हमारे प्राकृतिक आवास के अनुकूल राजनीतिक कार्यप्रणाली एवं शासकीय कौशल का मार्ग प्रशस्त करने वाला एक चहुंमुखी वैकल्पिक जीवन दर्शन है।
सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ पंडित उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को राष्ट्रोदय में बदलने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी‘सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास’ को लेकर काम कर रहे हैं। इस अवसर पर सज्जन मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, लल्लन मिश्र, जिला महामंत्री सुदर्शन पाल, जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ल, विनोद भारती, जिला मंत्री विवेकानंद शुक्ल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, मार्कण्डेय शाही जिला मीडिया प्रभारी विश्वरंजन कुमार आनन्द, आई टी विभाग जिला संयोजक नमो नारायण मौर्य, कार्यालय व्यवस्था प्रमुख भीखम प्रसाद, बासुकी गुप्ता, महेश रौनियार, रामाज्ञा चौहान सहित दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।