-फूलन देवी की जयंती पर पूर्व सांसद ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
शाहजहांपुर, 10 अगस्त (राम निवास शर्मा)। खिरनीबाग के रामलीला मैदान में पूर्व सांसद फूलन देवी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए हमला बोला। साथ ही जिले के तीन-तीन मंत्रियों पर भी तंज कसा। बोले- इनमें कुछ की हैसियत चपरासी का ट्रांसफर कराने तक की नहीं।
बृहस्पतिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने स्व. फूलनदेवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। पूर्व सांसद ने महंगाई, भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा के नेताओं ने मजहब व जाति के नाम पर बांटने का काम शुरू कर दिया है। चुनाव में वोट मांगने आने वाले इन नेताओं से यह जरूर पूछना कि काम क्या कराया।
समाजवादी पार्टी की सांसद स्वर्गीय फूलन देवी जी के जयंती के अवसर पर आज शाहजहांपुर में। pic.twitter.com/xoTCzpX8MP
— Dharmendra Yadav (@MPDharmendraYdv) August 10, 2023
धर्मेंद्र यादव ने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इतने संवेदनशील मुद्दे पर प्रधानमंत्री बात नहीं कर रहे हैं। मजबूरी में विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने फूलनदेवी को जेल से निकालकर संसद में पहुंचाया। उन्हें तभी सच्ची श्रद्धांजलि होगी, जब लोकसभा चुनाव में उनकी हत्या कराने वालों की जमानत जब्त कराएंगे। उन हाथों को मजबूत करें, जिन्हें फूलनदेवी राखी बांधतीं थीं।
उन्होंने कहा आरएलडी जयंत चौधरी और अखिलेश यादव का बहुत मजबूत गठबंधन है। चौधरी चरण सिंह की विरासत और उनकी सोच के साथ अजीत सिंह की विचारधारा को आगे ले जाने का वाला गठबंधन है। चाहे कोई कितने भी षड्यंत्र कर लें, कोई कितनी भी तोड़ने की कोशिश कर ले। ये बहुत मजबूत गठबंधन हैं, इसको कोई हिला नही पाएगा।
सांसद से लेकर विधानसभा में समाजवादियों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग करने वालों के हमेशा समर्थन में रहे हैं। कई बार धरना प्रदर्शन जैसे मौकों पर हम उनके साथ रहे। और जब कभी भी समाजवादियों का मौका आएगा, मौका मिलेगा, समर्थन से जो सरकारें बनेगी, इस मांग को हम सब लोग पूरा करवाएंगे।
सरकार की आंखे बंद हैं, इसका तो कोई इलाज नही है। सरकार को मणिपुर की समस्या नही दिख रही है। सरकार को महंगाई नही दिख रही, सरकार को बेरोजगारी नही दिख रही। सरकार को बाढ़ और सूखा नही दिख रहा। सरकार को किसान की परेशानियां नही दिख रही हैं। सरकार को किसान की फसलों की वाजिब मूल्य दी जा रही है। इसका इलाज क्या है। आने वाले चुनाव में जनता ही इसका इलाज करेगी।
मीडिया को उन्होंने बताया कि आज प्रदेश में बेरोजगारी का बुरा हाल है सभी पद संविदा से भरे जा रहे हैं वह भी आउटसोर्सिंग से शिक्षामित्र शिक्षक अनुदेशक व अन्य विभागों पर बंधुआ मजदूर बनकर काम दिया जा रहा है और जनता को गाय गोबर मंदिर हिंदू मुस्लिम में उलझाकर 85 परसेंट मेहनतकश जनता को लूटा जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन लोकसभा का चुनाव के दावेदार राजेश कश्यप द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सपा जिला अध्यक्ष तनवीर खान पूर्व विधायक राजेश यादव पूर्व एमएलसी अमित यादव पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा पूर्व विधायक नीरज मोरी पूर्व प्रत्याशी उपेंद्र पाल सिंह गायत्री वर्मा स्नेहा गुप्ता जयेश प्रसाद सैयद रिजवान अहमद अनवर अली शिवचरण कश्यप रामाश्रय कश्यप, जिला पंचायत सदस्य रामदास राठौर, विश्वकर्मा महासभा के जिला अध्यक्ष अमित शर्मा आदि लोगों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।