बरेली, 01 सितंबर (देश दीपक गंगवार)। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से एमबी इंटर कालेज के मैदान में नौ सिंतबर को संगत कायस्थ महाकुंभ परिवार मेला आयोजित किया जा रहा है। विशाल स्तर पर होने वाले इस आयोजन से पूर्व तीन सिंतबर को भगवान चित्रगुप्त की चरण पादुका यात्रा निकाली जायेगी। उपजा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने इसकी जानकारी दी।
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज सक्सेना ने बताया कि नौ सिंतबर को होने वाले इस विशाल कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 9 सितंबर को एमबी इंटर कालेज के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में महाकुंभ परिवार मेला भी लगाया जायेगा। कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद व एसआईएस के चैयरमैन आरके सिन्हा मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार एवं समाजसेवी अनिल कुमार सिन्हा होंगे।
इसी कार्यक्रम में पहली बार चित्रांश ई बुलेटिन मोबिल ऐप का शुभारंभ भी होगा जिसमें रोजगार, विवाह योग्य बेटे बेटियों व व्यापारिक संपर्कों की भी जानकारी दी जाएगी। महाकुंभ को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में संसार की पहली चित्रगुप्त पीठ, जो कि मथुरा में बन रही है, वहां से आने वाली शिला का पूजन भी किया जायेगा। जिसमें तीन सिंतबर रविवार को भगवान चित्रगुप्त की चरण पादुका आशीर्वाद यात्रा का शुभारम्भ होगा। शोभा यात्रा का प्रारंभ फतेहगंज पश्चिमी के टोल प्लाजा पर बने भगवान चित्रगुप्त के मंदिर से किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा शिवकुमार बरतरिया, अनिल कुमार एडवोकेट, डा. पवन सक्सेना, डा. विकास वर्मा, विवेक सक्सेना की ओर से तैयार की जा रही हैं। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ समाजसेवी शिव कुमार बरतरिया, चित्रगुप्त धाम के प्रमुख डा. शिव कुमार, उद्यमी एवं पत्रकार डा. पवन सक्सेना, कार्यक्रम संयोजक विवेक सक्सेना, वरिष्ठ उद्यमी एवं समाजसेवी संजीव सक्सेना, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष आलोक सक्सेना, आलोक प्रधान, श्यामदीप सक्सेना, संदीप सिन्हा आदि मौजूद रहे।