ललितपुर, 13 सितंबर (आलोक चतुर्वेदी)। भारत सरकार द्वारा निर्धारित यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जनसमुदाय में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से पात्रजनों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से ’’आयुष्मान भवः’’ अभियान का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद के जिला महिला चिकित्सालय के हौसला ट्रेनिंग सेन्टर में विधायक सदर रामरतन कुशवाहा एवं जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी की उपस्थिति में देखा गया।
इस अवसर पर सदर विधायक ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार द्वारा जन-जन को स्वस्थ्य रखने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिसके तहत आज देश की राष्ट्रपति द्वारा आयुष्मान भव अभियान का शुभारम्भ किया गया है। इस अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े आखिरी व्यक्ति तक स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि ’’आयुष्मान भवः’’ अभियान के तहत पात्रजनों को स्वास्थ्य योजनाओं से आच्छादित किया जायेगा, जिसके तहत 17 सितंबर 2023 से 02 अक्टूबर 2023 तक समस्त सी0एच0सी0 एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस केन्द्रों पर ’’सेवा पखवाड़ा’’ चलाया जायेगा। स्वास्थ्य मेले लगाकर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने एवं परिवार के प्रत्येक सदस्य को आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओ और सेवाओं के बारें में जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम/वार्ड स्तर पर 02 अक्टूबर, 2023 को आयुष्मान सभा का आयोजन किया जायेगा। आयुष्मान भवः अभियान के अन्तर्गत ग्राम पंचायत से उन ग्राम पंचायतो को सम्मानित किया जायेगा जो निर्धारित मानक को शत-प्रतिशत पूर्ण करेगें। इसके अलावा अभियान के अन्तर्गत आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा तथा आयुष्मान ग्राम पंचायत/आयुष्मान नगरीय वार्ड के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिससे आम जनमानस को सरकार की योजनाओं से आच्छादित किया जायेगा।
कार्यक्रम आयोजन से पूर्व जिलाधिकारी ने कलैक्ट्रेट सभागार में मीडिया बंधुओं से वार्ता कर आयुष्मान भवः के सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अभियान के वृहद प्रचार-प्रसार में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. डी.नाथ., प्राचार्य, स्वशासी राज्य चिकित्सा अधिकारी, ललितपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद, डॉ. मीनाक्षी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला चिकित्सालय, ललितपुर, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला पुरूष चिकित्सालय, ललितपुर एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।