जयपुर, (वेब वार्ता)। राजस्थान में पुलिस ने शनिवार को बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ एक दिवसीय अभियान चलाया। इसके तहत 37 हजार 771 दुपहिया वाहन चालकों का चालान किया गया। अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) वी.के सिंह ने बताया कि दुपहिया वाहनों के हादसे का शिकार होने की बढ़ती घटनाओं में कमी लाने के लिए बिना हेलमेट पहने दुपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ शनिवार को बड़ा अभियान चलाया गया। सिंह ने बताया कि अभियान में आमजन का व्यापक सहयोग मिला और अधिकांश वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए मिले। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस द्वारा प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं। सिंह ने बताया कि सभी दुपहिया वाहन चालकों से स्वयं की सुरक्षा के वास्ते अनिवार्य रूप से उपयुक्त गुणवत्ता का हेलमेट गाड़ी चलाने के दौरान पहनने का आग्रह किया गया है।