जयपुर, (वेब वार्ता)। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आज जयपुर में शक्ति प्रदर्शन करेंगे। केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत प्रदेशभर के आप कार्यकर्ता शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा जयपुर के सांगानेरी गेट से शुरू होगी। जो बापू बाजार, न्यू गेट को पार करते हुए नेहरू बाजार होकर अजमेरी गेट पहुंचेगी। इस दौरान अजमेरी गेट पर जनसभा का आयोजन भी किया गया है।
केजरीवाल की तिरंगा यात्रा रैली के मद्देनजर यातायात रूट में बदला किया गया है। जौहरी बाजार, चौड़ा रास्ता, किशनपोल बाजार में संचालित होने वाले सामान्य यातायात को समानान्तर मार्गों से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम की बसों की पार्किंग रामनिवास के पिछले गेट से त्रिमूर्ति सर्किल तक सर्विस लेन में रहेगी।हल्के वाहनों की पार्किंग रामनिवास बाग में भूमिगत पार्किंग के अन्दर रहेगी। सांगानेरी गेट से बापू बाजार, न्यू गेट, नेहरु बाजार, अजमेरी गेट तक सामान्य यातायात नहीं चलेगा।
200 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेगी पार्टी
आप से राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि राजस्थान को नंबर वन बनाने के लिए तिरंगा यात्रा एक अभियान है। इस अभियान के माध्यम से हम देश के हर कोने में एक सकारात्मक राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं। देश को हम अरविंद केजरीवाल जी की राजनीति से जोड़ना चाहते हैं। हम राजस्थान में अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने की राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं। इसलिए राजस्थान में आप इस बार पुरजोर तरीके से विधानसभा कि 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
आप के राजस्थान प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी आपस में मिले हुए हैं। जहां भी आम आदमी पार्टी से इन्हें खतरा नजर आता है, दोनों एक हो जाते हैं। राजस्थान में भी यही मिलीभगत का खेल चल रहा है। हमने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय का घेराव करना चाहा तो यहां की कांग्रेस सरकार ने पुलिस के जरिए रुकवा दिया। इनकी यह मिलीभगत का खेल ज्यादा चलने वाला नहीं है। जनता समझ चुकी है।