जयपुर, (वेब वार्ता)। साल के अंत तक राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं। बीते दिनों अपनी ही सरकार से सवाल पूछ कर कांग्रेस को घेरने वाले मंत्री राजेंद्र गुढ़ा को पार्टी से बर्खास्त कर दिया गया था। गुढ़ा की बर्खास्तगी के बाद एक ‘लाल डायरी’ सुर्खियों में बनी हुई है। पीएम मोदी ने भी इसे लेकर कांग्रेस पर अटैक किया है। अब एक सर्वे में राजस्थान के लोगों से पूछा गया कि क्या राजेंद्र गुढ़ा को बर्खास्त करना सही है या गलत? सर्वे के नतीजे हैरान कर देने वाले हैं।
राजेंद्र गुढ़ा के बर्खास्तगी को राजस्थान के 45 परसेंट लोगों ने सही बताया है। यानी 45 परसेंट लोग ऐसे हैं जो गुढ़ा को बर्खास्त करने वाले फैसले के समर्थन में हैं। बता दें कि यह सर्वे एबीपी न्यूज के लिए सी वोटर ने किया है। वहीं सर्वे के मुताबिक, 46 परसेंट लोगों ने कहा कि गुढ़ा को बर्खास्त करने का फैसला गलत है। यानी केवल एक परसेंट अधिक लोगों ने इसे गलत माना है। नतीजों पर गौर करें तो 9 परसेंट लोगों ने इस सवाल को लेकर कोई जवाब नहीं दिया। यानी उन्हें सीएम गहलोत का यह फैसला न ठीक लगता है और न ही गलत।
गौरतलब है कि राजेंद्र गुढ़ा ने एक लाल डायरी दिखाते हुए कहा सीएम गहलोत पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि इस डायरी में आपके सारे काले कारनामे हैं। वहीं गुढ़ा ने आरोप लगाया कि डायरी का आधा हिस्सा उनसे विधानसभा के अंदर छीन लिया गया। बता दें कि राजेंद्र गुढ़ा ने मणिपुर केस को लेकर अपनी ही सरकार को घेरते हुए कहा था कि केंद्र की भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले हमें अपने गिरेबान में झांककर देखना होगा। गुढ़ा के बयानों को लेकर गहलोत सरकार ने उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया।