25.1 C
New Delhi
Thursday, September 28, 2023

पटना का जवाब आज लखनऊ से देंगे अमित शाह, पिछड़े नेता की जयंती पर बड़े संदेश की तैयारी

पटना, (वेब वार्ता)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में पटना में हाल ही में 15 विपक्षी दलों का महाजुटान हुआ था। अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इसका जवाब देने जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को लखनऊ में भाजपा के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के नेताओं और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित अन्य राजनीतिक दलों के साथ मंच साझा करेंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे यूपी में एक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

महादलित समुदाय से आने वाले जीतनराम मांझी ने 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक से कुछ दिन पहले बिहार में नीतीश कुमार की सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद वह लगातार भाजपा के दिग्गज नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। वह हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले थे।

सोनेलाल पटेल की जयंती पर कार्यक्रम
आज का कार्यक्रम अपना दल के संस्थापक दिवंगत सोनेलाल पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। यहां से अमित शाह विपक्षी नेताओं पर निशाना साध सकते हैं। साथ ही इस कार्यक्रम में ओबीसी समुदाय से आने वाले कुछ और सहयोगियों की उपस्थिति के बारे में भी अटकलें हैं।

इस कार्यक्रम में अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके डिप्टी अपना दल (एस) के मंच से भाजपा के सहयोगी का साथ मिलकर शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा की अन्य प्रमुख ओबीसी सहयोगी निषाद पार्टी भी मौजूद होगी।

अपना दल को कुर्मियों का समर्थन
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अपना दल (एस) को कुर्मियों का समर्थन प्राप्त है। यूपी में यादवों के बाद कुर्मी अन्य पिछड़ी जातियों में सबसे प्रभावशाली हैं। चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल उन्हें लुभाने की कोशिश करते हैं। दूसरी तरफ, अपना दल का प्रतिद्वंद्वी गुट अपना दल (कमेरावादी) भी इस दिन शक्ति प्रदर्शन करेगा। इसमें विपक्ष के नेता और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे।

अपना दल (के) ने 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठबंधन किया था। 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए दोनों के बीच गठबंधन जारी रहने की उम्मीद है।

राजभर की मौजूदगी पर सस्पेंस
अपना दल (एस) के कार्यकारी प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने कहा, ”देखिए सामाजिक न्याय की सभी ताकतें अब एक साथ हैं। यह मंच बताएगा कि किस तरह से उन्होंने ओबीसी के लिए एक समावेशी वातावरण बनाया है। हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास और भरोसा है। चाहे नवोदय, केंद्रीय विद्यालय और सैनिक स्कूलों में आरक्षण हो या फिर ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का फैसला, पीएम मोदी को धन्यवाद देने के रूप में हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 2024 के लोकसभा चुनावों में वह लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनें।”

आशीष ने इस बात की पुष्टि की है कि अपना दल (एस) के मंच पर निषाद पार्टी के नेता मौजूद रहेंगे। उन्होंने एक अन्य ओबीसी पार्टी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की संभावना पर सस्पेंस बरकरार रखा। हालांकि, आपको बता दें कि राजभर फिर से भाजपा के प्रति नरम हो गए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता का समर्थन किया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ पार्टी के साथ फिर से गठबंधन करने की संभावना बढ़ गई है।

2014 के बाद से दलित और ओबीसी यूपी में भाजपा की अभूतपूर्व जीत का मुख्य आधार रहे हैं। इन दोनों जातियों को पार्टी के संस्थापक सोने लाल पटेल की जयंती के अवसर पर अपना दल (एस) मंच से अच्छा प्रतिनिधित्व मिलेगा। आपको बता दें कि अपना दल (एस) को 4 अगस्त, 2022 को राज्य स्तरीय पार्टी के रूप में मान्यता दी गई थी। तब से लखनऊ में होने वाला यह पहला बड़ा कार्यक्रम है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

10,370FansLike
10,000FollowersFollow
1,145FollowersFollow

Latest Articles