पटना: न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन (K. Vinod Chandran) ने बुधवार को पटना हाई कोर्ट (Patna High Court) के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में न्यायमूर्ति चंद्रन को शपथ दिलाई। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 9 फरवरी को इस पद के लिए न्यायमूर्ति चंद्रन के नाम की सिफारिश की थी। पटना हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजय करोल को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया है। न्यायमूर्ति चंद्रन के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
पहले केरल हाई कोर्ट में जज थे के विनोद चंद्रन
इससे पहले न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन केरल हाई कोर्ट में जज के पद पर थे। अब वे पटना हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। बता दें कि, पटना हाई कोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस संजय करोल सुप्रीम कोर्ट में जज बन गए। इसके बाद पटना हाई कोर्ट में मुख्य न्यायधीश का पद रिक्त हो गया था।
चार वर्षों में ऊंची जातियों के कितने जज हाई कोर्ट में नियुक्त हुए? सरकार ने बता दिया
कौन हैं पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायधीश बनने वाले विनोद चंद्रन
के विनोद चंद्रन का जन्म 25 अप्रैल 1963 को हुआ। न्यायमूर्ति चंद्रन ने केरल की लॉ अकादमी से कानून की पढ़ाई की है। इसके बाद चंद्रन ने 1991 में वकालत शुरू की। उन्होंने 8 नवंबर, 2011 को केरल हाई कोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। इसके बाद 24 जून, 2013 को हाई कोर्ट के स्थायी न्यायाधीश बने।