-राजेश आहूजा-
सोनीपत, 20 फरवरी (वेब वार्ता)। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने पार्टी के कार्यकर्ताओं का चुनावी मोड में आने का आह्वन करते हुए उन्हें अपने छोटे पुत्र एवं जजपा के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला के विवाह का निमंत्रण भी दिया। साथ ही उन्होंने सभी सोनीपत जिले की ग्राम पंचायतों को भी जजपा के प्रधान महासचिव के 10 मार्च को सिरसा में होने वाले विवाह का न्यौता दिया।
मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने की। बैठक में विशेष रूप से जजपा के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भी हिस्सा लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि समय आ गया है कि जब उत्साह के साथ चुनावी मोड में आ जायें। चुनावी वर्ष की शुरुआत हो चुकी है। इसलिए अब जजपा को भी कमर कस कर मैदान में उतरना होगा। पार्टी के सभी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता पूर्ण तालमेल के साथ संगठन की मजबूती को और वृद्घि देने के लिए जुट जाएं। इसके लिए हर संभव प्रयास करें। नये कार्यकर्ता बनायें। अधिकाधिक लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम करें। इसके लिए जरूरी है कि पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा के उप-मुख्यमंत्री के रूप मेंं दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के विकास को नये आयाम दिए हैं। गठबंधन में रहते हुए उन्होंने अपने किये चुनावी वायदों को पूरा करवाया है। साथ ही गठबंधन धर्म को भी पूर्ण ईमानदारी के साथ निभाया है। आज भी गठबंधन मजबूती के साथ कायम है। आने वाले लोकसभा तथा हरियाणा विधानसभा चुनावों में जीत का परचम लहराने के लिए लोगों तक अपनी बात पहुंचायें। खासतौर पर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा किये गये कार्यों को लोगों तक पहुंचायें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि जजपा ही सच्ची जनहितैषी पार्टी है, जिसमें आम लोगों के हित सुरक्षित हैं। जजपा सबको साथ लेकर चलती है, जिसका उद्देश्य जनसेवा है। पार्टी की नीतियां लोगों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। जजपा की लोकप्रियता लगातार बढ़ोतरी की ओर अग्रसर है। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जनप्रिय नेता के रूप में लोगों के दिलों में छाये हुए हैं। आम जनमानस को उनसे खासी उम्मीदें हैं, जिन्हें वे पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।
इस दौरान जजपा के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमर कसने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विस्तार से जजपा की रणनीति को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को टिप्स भी दिए। इस मौके पर जजपा के संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पदम सिंह दहिया, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. केसी बांगड़, युवा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र सांगवान, चेयरमैन पवन खरखौदा, चेयरमैन सुमित राणा, हलका अध्यक्ष संदीप गहलावत, राई अध्यक्ष ओमप्रकाश रसोई, खरखौदा अध्यक्ष देवेंद्र दहिया, गोहाना अध्यक्ष नरेंद्र गहलावत, गन्नौर अध्यक्ष अनिल त्यागी, जिलाध्यक्ष अंजूबाला खटक, युवा जिलाध्यक्ष रवि दहिया, आदि पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।