मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना के कद्दावर नेता मनोहर जोशी (Manohar Joshi Health Update) को सोमवार को गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया। उनकी हालत स्थिर है लेकिन वह अर्धचेतन अवस्था में हैं। अस्पताल ने यह जानकारी दी।
लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष जोशी (85) को मष्तिष्काघात के बाद 22 मई को मुंबई के पी डी हिंदुजा नेशनल हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया गया था। मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल द्वारा जारी बयान में कहा गया, ‘‘जोशी को आईसीयू से बाहर स्थानांतरित कर दिया गया है और उनका स्वास्थ्य फिलहाल स्थिर है। हालांकि, वह अर्धचेतन अवस्था में हैं।”
बयान में कहा गया है कि जोशी के स्वास्थ्य पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जोशी 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने राज्य में पहली बार बनी शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी सरकार का नेतृत्व किया। अविभाजित शिवसेना का प्रमुख चेहरा जोशी 2002 से 2004 तक लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया, जब केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में थी।