गिरिडीह, 19 फरवरी (राजेश कुमार)। प्रदेश के कृषि मंत्री से कृषि शुल्क में 2 प्रतिशत की वृद्धि सम्बन्धी कृषि विपणन विधेयक में संशोधन किए जाने के आश्वासन मिलने के बाद झारखंड प्रदेश के खाद्यान्न व्यवसायियों की हड़ताल समाप्त हो गयी। खाद्यान्न व्यवसायियों की हड़ताल के समाप्त होने के बाद रविवार से सभी किराना दुकान आम दिनों की तरह खुल गये हैं। जिससे उपभोक्ताओं ने राहत मिली है।
बता दें कि सूबे के कृषि मंत्री ने कृषि विपणन बिल विधानसभा में पारित कराया था। जिससे कृषि टैक्स में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। इस टैक्स वृद्धि के खिलाफ फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर बीते 15 फरवरी से पूरे प्रदेश के खाद्यान्न व्यवसायियों ने हड़ताल कर दिया था। जिले के व्यवसायी भी चैम्बर के आदेश के आलोक में हड़ताल में चले गए थे और उनकी दुकानों पर ताले लटक गये थे। जिससे आम उपभोक्ताओं को चार दिनों तक काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं शनिवार को फेडरेशन के सदस्यों ने कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के अधिकृत प्रतिनिधि के साथ वार्ता किया। जिसमें कृषि मंत्री ने बिल में संशोधन का आश्वासन दिया। उसके बाद फेडरेशन के सदस्यों ने अपना हड़ताल वापस ले लिया।