-राजेश कुमार-
गिरिडीह, 20 फरवरी (वेब वार्ता)। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के सफल संचालन व क्रियान्वयन हेतु जिला समाज कल्याण पदाधिकारी रोहित सिन्हा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा रवाना किया। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय परिसर से यह जागरूकता रथ रवाना किया गया।
मौके पर रोहित सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजना सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के व्यापक प्रचार प्रसार को लेकर यह जागरूकता रथ को रवाना किया गया है। इसके माध्यम से जिले की किशोरियों को योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी। ताकि अधिकाधिक लाभुकों को इस योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी दूर दराज के गांवों में इस योजना का प्रचार-प्रसार किया जायेगा।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्री सिन्हा ने कहा कि यह योजना प्रदेश के मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में से एक है। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं किशोरियों को शिक्षा से जोड़ने और वयस्क होने पर उसकी शादी के लिए जरूर सहायता करना है। इस योजना के लाभ से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। कहा कि आठवीं कक्षा से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया जाएगा। आठवीं और नौवीं क्लास में पढ़ने वाली छात्राओं को 2500 रुपए का आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं 10वीं, 11वीं और 12वीं में पढ़ने वाली छात्राओं को 5000 रुपए तथा इसके बाद 18-19 वर्ष की आयु पूरी होने पर 20, 000 रुपए का एकमुश्त अनुदान दिया जाएगा।
कहा कि इस योजना के तहत जिले के लाखों किशोरियों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराया जा सकेगा। ताकि समाज में अपनी पहचान बनाने में किशोरिया सफल हो पांएगी। जागरूकता रैली के रवाना करने के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, नुक्कड़ दल के कलाकार व अन्य लोग उपस्थित थे।