मुंबई/ठाणे, (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र (Maharashtra) से मिली एक बड़ी खबर के अनुसार, यहां के ठाणे (Thane) जिले के डोंबिवली इलाके में बीते शुक्रवार शाम करीब 5:40 बजे एक चार मंजिला बिल्डिंग ‘आदिनारायण भुवन’ ढह गई। इसके मलबे से दो लोगों का शव बरामद हुआ है, जबकि 3 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। इसके साथ ही रेस्क्यू टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन को फिर शुरू किया है।
जानकारी दें कल्याण डोंबिवली नगर निगम (KDMC) ने इस बिल्डिंग को पहले ही खतरनाक करार दिया था। वहीं इस बिल्डिंग में 44 परिवार रहते थे। बीते गुरुवार को ही इसका कुछ हिस्सा ढह गया था। मामले पर डोंबिवली नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि, बीते शुक्रवार 15 सितंबर की शाम करीब पांच बजकर 40 मिनट पर इमारत गिर गई, जिसके बाद खोज और बचाव दलों ने कुछ समय बाद मलबे से सूरज बिरजा लोद्या (55) का शव निकाला। वहीं रात करीब सवा नौ बजे 54 वर्षीय दीप्ति सुनील लोद्या को मलबे से जीवित निकाला गया और उसे एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद में मलबे से अरविंद भटकर (70) नामक एक व्यक्ति का शव भी निकाला गया। अधिकारीयों ने बताया कि,बचाव अभियान अभी चलाया जा रहा है क्योंकि एक और व्यक्ति के मलबे में ही दबे होने की आशंका है।
इस बाबत KDMC प्रमुख भाऊसाहेब दांगडे ने पत्रकारों से कहा, “50 वर्ष पुरानी इमारत को खतरनाक घोषित किया गया था और इसमें रहने वाले लोगों को एक नोटिस जारी कर इमारत खाली करने के लिए कहा गया था। कई लोगों ने इमारत खाली कर दी थी लेकिन कुछ इमारत में लौट आए थे।”
उन्होंने जानकारी दी कि, इमारत का कुछ हिस्सा गिर रहा था और बीते शाम को इसे खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। इमारत ढहने के वक्त भी यह प्रक्रिया चल रही थी। बताया जा रहा है कि इस वार्ड में कुल 40 इमारतें थीं, जिन्हें खतरनाक घोषित किया गया था। जबकि KDMC की सीमा के तहत विभिन्न श्रेणियों में ऐसी 602 इमारतें हैं।