भोपाल (वेब वार्ता)। प्रगति के बीच प्रकृति को बचाने के संकल्प के साथ साइकिल यात्रा पर निकले प्रख्यात पर्यावरणविद व पद्मभूषण अलंकरण से सम्मानित डा. अनिल प्रकाश जोशी मंगलवार को प्रदेश की राजधानी भोपाल पहुंच गए। उन्होंने अपने पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत बुधवार को सुबह स्मार्ट सिटी पार्क में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चर्चा भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आदरणीय जोशी जी पर्यावरण की अलख जगाते हुए मुंबई से साइकिल यात्रा प्रारंभ भोपाल तक पहुंचे हैं। एक पवित्र उद्देश्य के लिए उन्होंने अपना जीवन लगाया है, उनके साथ उनकी टीम भी इस पवित्र प्रयास में साथ हैं। मैं उनका और टीम का मध्यप्रदेश की धरती पर उनका हृदय से स्वागत करता हूं।
सीएम श्री @ChouhanShivraj ने स्मार्ट उद्यान में पद्मभूषण, पद्मश्री से सम्मानित डॉ अनिल प्रकाश जोशी जी के साथ पौधरोपण किया।श्री जोशी जी प्रकृति के संरक्षण व संवर्धन के पवित्र उद्देश्य से “प्रगति से प्रकृति पथ तक” साइकिल यात्रा के माध्यम से देशभर में जनजागरुकता अभियान चला रहे हैं। pic.twitter.com/2WiA3B1pPC
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 19, 2022
हिम्मत से चलेंगे मिलकर जरूर..हम हैं नए इंसान..हम चलेंगे सीना तान…
हिम्मत से चलेंगे मिलकर जरूर..हम हैं नए इंसान..हम चलेंगे सीना तान…यह गीत पर्यावरणविद् डॉ अनिल प्रकाश जोशी ने साइकिल यात्रा पर निकले 11 साथियों के साथ राजधानी के स्मार्ट सिटी पार्क में पौधारोपण के अवसर पर गाया। साथ ही युवाओं से प्रकृति व पर्यावरण संबंधी चर्चा भी की। प्रगति से प्रकृति पथ के प्रति लोगों को प्रेरित करता यह गीत युवाओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है। जिन गांवो, शहरों कस्बों में डा अनिल प्रकाश जोशी की साइकिल यात्रा जा रही हैं, वहां-वहां बदलाव की बयार चल रही है।
मालूम हो कि डा. जोशी गांधी जयंती के अवसर पर मुंबई से उत्तराखंड तक की 2000 किमी की साइकिल यात्रा पर निकले थे। उन्होंने 11 अक्टूबर को सेंधवा के रास्ते मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। इसके बाद खलघाट, मानपुर, इंदौर, सोनकच्छ, सीहोर होते हुए मंगलवार रात को वह भोपाल पहुंचे हैं।