भोपाल, 06 सितंबर (इरशान सईद)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भी तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस 15 सितंबर से सात जन आक्रोश यात्राएं निकालेगी। इसमें भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, घोटालों को जनता के बीच रखा जाएगा। बुधवार को पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ के बंगले पर कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की बैठक हुई। करीब दो घंटे चली बैठक में चुनाव और प्रचार अभियान को लेकर रणनीति तैयार की गई। इसमें प्रदेश में सात जन आक्रोश यात्राएं निकालने और इनमें कमलनाथ समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के दौरों को लेकर चर्चा हुई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के निवास पर मध्यप्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की बैठक।
“जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस” pic.twitter.com/1VdWQ7Rh3R
— MP Congress (@INCMP) September 6, 2023
यात्राएं अलग-अलग संभाग में निकाली जाएंगी। सूत्रों के अनुसार यात्राओं की शुरुआत 15 सितंबर से होगी। इस दौरान कमलनाथ बड़ी रैली और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।बैठक में पीसीसी चीफ कमलनाथ, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया, कमलेश्वर पटेल, नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, अजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, अरुण यादव, अजय सिंह समेत वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद थे।
पथराव भाजपा ने ही कराया : भूरिया
बैठक के बाद कांतिलाल भूरिया ने नीमच में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर पथराव को लेकर कहा कि भाजपा ने ही पथराव कराया है। उन्होंने बैठक को लेकर कहा कि प्रचार प्रसार को लेकर रणनीति तैयार की गई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति की बैठक जारी।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला जी मुख्य रूप से उपस्थित।@rssurjewala pic.twitter.com/3t0pgpcLMQ
— MP Congress (@INCMP) September 6, 2023
कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जल्द आएंगी
भूरिया ने कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची को लेकर कहा कि कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित होंगे। बता दें, कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस चुनाव प्रभारी रणदीप सुरजेवाला अब चुनाव तक भोपाल में ही कैंप करेंगे। सुरजेवाला पार्टी को एकजुट करने के साथ ही चुनावी रणनीति की मॉनीटरिंग करेंगे। कांग्रेस ने प्रत्याशियों के चयन के बाद टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं को मनाने को लेकर भी रणनीति बनाई। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय नेताओं के साथ ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को सौंपी गई है।
ये यहां निकालेंगे यात्राएं
- डॉ गोविन्द सिंह- ग्वालियर, चंबल
- कांतिलाल भूरिया- महाकौशल
- अजय सिंह राहुल- बुन्देलखंड, विंध्य
- जीतू पटवारी- मालवा
- अरुण यादव- निमाड
- सुरेश पचौरी- नर्मदापुरम, सेंट्रल एमपी
- कमलेश्वर पटेल- विंध्य