भोपाल, (वेब वार्ता)। हाल ही में हुई जबरदस्त बर्फबारी और वर्षा से उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार से हवाओं का रुख भी उत्तरी हो गया है।
उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में फिर सिहरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार से तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। अभी चार-पांच दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों का मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान ग्वालियर संभाग के जिलों में काफी गिरे। शेष संभागों के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम एवं रीवा संभाग के जिलों में सामान्य से अधिक रहा। शेष संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहे।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है। हवाओं का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
उत्तर भारत की तरफ से लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में सिहरन बढ़ गई है। सोमवार से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, मंगलवार को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत पहुंचने की संभावना है, लेकिन इस मौसम प्रणाली के कमजोर रहने के कारण मौसम के मिजाज पर असर पड़ने की उम्मीद कम है। इस वजह से अभी चार-पांच दिन तक रात के समय सिहरन बनी रहेगी।