भोपाल, (वेब वार्ता)। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का सोमवार को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। इसमें पार्टी के सभी दिग्गज नेता शामिल होंगे।अदाणी समूह को लेकर केंद्र सरकार की चुप्पी, भ्रष्टाचार, महागाई सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन भोपाल के जवाहर चौक में हो रहा है। प्रदेश भर से लगभग 4000 कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी इकट्ठे हुए हैं।
प्रदर्शन स्थल पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल और सुरेश पचौरी भी पहुंच चुके हैं। कमल नाथ, दिग्विजय सिंह और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह भी आने वाले हैं। बड़े पदाधिकारी यहां पर सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद राजभवन के घेराव के लिए निकलेंगे। जवाहर चौक पर एकत्रित हो रहे कांग्रेसी। कमलनाथ का इंतजार। यहां से रोशनपुरा होते हुए राजभवन जाएंगे। पुलिस ने रोशनपुरा पर रास्ता बंद करके रखा है। धीरे धीरे कांग्रेस के कार्यकताओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।