भोपाल/मंडीदीप, (वेब वार्ता)। औबेदुल्लागंज वन मंडल की गौहरगंज रेंज में 34 मील स्थित वरना नदी के पुल के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात में जयपुर-जबलपुर हाईवे पार करते समय एक तेंदुआ शावक सड़क हादसे का शिकार हो गया। इस मार्ग पर पहली बार किसी तेंदुआ की सड़क दुर्घटना में मौत होना बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार औबेदुल्लागंज मंडल की चिकलोद रेंज में शुक्रवार को एक तेंदुए का शव मिलने की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को मिली। तेंदुआ शावक की मौत हाइवे पर किसी हल्के वाहन की टक्कर से होना बताई जा रही है। मौके पर पहुंचे महकमे के अधिकारियों ने नर शावक तेंदुआ की उम्र डेढ़ से दो वर्ष बताई है।
वन विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि सड़क पर किसी वाहन की टक्कर से तेंदुआ शावक की मौत हुई है। तेंदुआ शावक के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद दोपहर तीन बजे उसका दाह संस्कार कर दिया।
डीएफओ हेमंत रायकवार ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन से टकराने से तेंदुआ शावक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वन विहार के चिकित्सकों के दल ने जंगल में उसका पोस्टमार्टम कराया। वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद तेंदुआ शावक का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सड़क किनारे तेंदुआ का शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर विभाग के अधिकारी चिकित्सकों के साथ मौके पर पहुंचे। यह तेंदुआ का शावक था, जिसकी उम्र देढ़ से दो वर्ष के बीच है। दुर्घटना में मौत होने की पुष्टि की गई है।
– हेमंत रायकवार, वन मंडल अधिकारी, औबेदुल्लागंज