भोपाल। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) के बस स्टैंड का अस्तित्व खत्म हो गया है। सड़क परिवहन निगम ने यहां पर बस स्टैंड बनाया था। निगम ने जैसे ही बसों का संचालन बंद किया, यहां पर भी बसें खड़ी होना बंद हो गई। अब यहां बाजार बन चुका है। नगर निगम ने भी दुकानों का निर्माण किया है। सामने खली पड़ी जगह पर मैकेनिकों ने कब्जा कर रखा है। यहां पेड पार्किंग बना दी जाए तो बड़ी समस्या हल हो सकती है।
सड़क परिवहन निगम द्वारा यहां पर बुकिंग कार्यालय का निर्माण भी किया गया था। इसे तोड़कर नगर निगम ने दुकानों का निर्माण करा लिया। इन दुकानों से नगर निगम को हर माह किराया भी मिलता है। जब दुकानों का निर्माण हुआ था, तब दुकानों के सामने वाहन पार्किंग के लिए काफी जगह खाली थी। समय के साथ इस पर कब्जा होता चला गया। अब तो निजी वाहनों के लिए जगह नहीं बची है। कुछ हिस्से पर मैकेनिकों ने कब्जा कर रखा है। पिछले दिनों नगर निगम ने इसे हटाने की कार्रवाई की थी, लेकिन अब फिर से कब्जा हो गया है।
बाजार आने वालों को नहीं मिलती जगह
पुराना बस स्टैंड अब कपड़ा बाजार में तब्दील हो चुका है। यहां अधिकांश थोक एवं फुटकर दुकानें हैं। रविवार को एवं सार्वजनिक अवकाश के अन्य दिनों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचते हैं। ग्राहकों को निजी वाहन खड़े करने की जगह आसानी से नहीं मिल पाती। यदि अवैध कब्जा हटा दिया जाए तो पार्किंग की जगह निकल सकती है। कपड़ा व्यापारी संघ ने नगर निगम से पेड पार्किंग बनाने का मांग की थी। इससे समस्या भी हल होगी और नगर निगम को आय भी मिल सकेगी।
शापिंग काम्पलेक्स के पास भी कब्जा
नगर निगम ने हाल ही में जलकार्य विभाग के कार्यालय को तोड़कर शापिंग काम्पलेक्स बनाने का काम शुरू किया है। काम शुरू होने से पहले ही यहां पर मैकेनिकों एवं सर्विस सेंटर वालों ने कब्जा करना शुरू कर दिया है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने पिछले सप्ताह क्षेत्र का दौरा कर मैकेनिकों का कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इस पर भी अमल नहीं हुआ। क्षेत्र के रहवासियों का कहना है कि अवैध कब्जा सख्ती से हटाया जाना चाहिए। महापौर परिषद के सदस्य राजेश हिंगोरानी का कहना है कि पेड पार्किंग बनाने के संबंध में वे आयुक्त से चर्चा करेंगे।