प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे भी प्रोत्साहित करते रहेंगे : प्रमुख सचिव श्री शुक्ला
म.प्र. टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से महिला सुरक्षा जागरूकता हेतु की गई साईकिल यात्रा का समापन
भोपाल, 13 सितंबर (अकबर खान)। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से देश के 29 राज्यों में 25 हजार 500 किलोमीटर की साईकिल यात्रा कर भोपाल लौटी महिलाओं हेतु सुरक्षित मध्यप्रदेश का संदेश देने वाली सुश्री आशा मालवीय को प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग एवं प्रबंध संचालक म.प्र. टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने सम्मानित किया।
मंगलवार को होटल पलाश में आयोजित हुए कार्यक्रम में शुक्ला ने सुश्री आशा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और सतत प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। इस दौरान अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय, संयुक्त संचालक (एडवेंचर) डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, पर्यटन, संस्कृति, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास मंत्री उषा ठाकुर के विशेष सहायक प्रवीण गंगराडे एवं आशा की माताजी राजूबाई विशेष रूप से मौजूद रहें।
पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा हेतु जागरूकता को लेकर राजगढ़ जिले की साइकलिस्ट एवं पर्वतारोही आशा मालवीय द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर साईकिल यात्रा की शुरुआत की थी। बोर्ड द्वारा उन्हें बेहद आधुनिक जीपीएस युक्त हाइब्रिड साइकिल रोम-2 एवं साइकिलिंग किट सौंपी थी। यात्रा का समापन 10 माह बाद 12 सितंबर को भोपाल में हो रहा है। प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि, प्रदेश के पर्यटन स्थलों में महिला पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने एवं उन्हें भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के उददेश्य से पर्यटन विभाग द्वारा एक ओर महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर प्रदेश को महिलाओं हेतु सुरक्षित साहसिक पर्यटन स्थल के रूप में प्रदेश को स्थापित करने हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे है। साहसिक पर्यटन व्यवसाय के विभिन्न विधाओं में महिला प्रचालक, महिला जल पर्यटन प्रचालक, इत्यादि प्रदेश में कार्यरत हो रही है। विभाग के प्रयासों द्वारा साहसिक पर्यटन में महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। सुश्री मालवीय ने टूरिज्म बोर्ड द्वारा भारत सरकार के निर्भया फंड के तहत संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भूमिका निभाई है।
राजगढ़ की रहने वाली आशा मालवीय
पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा हेतु जागरूकता को लेकर राजगढ़ जिले की साइकलिस्ट एवं पर्वतारोही आशा मालवीय द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। पर्यटन संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने आशा को बेहद आधुनिक जीपीएस युक्त हाइब्रिड साइकिल रोम-2 एवं साइकिलिंग किट सौंप कर रवाना किया था। देश के विभिन्न राज्यों में सुरक्षित मध्यप्रदेश का संदेश देकर यात्रा का समापन 10 माह बाद भोपाल में हुआ। संयुक्त संचालक (एडवेंचर) डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
इन राज्यों में कर चुकी हैं भ्रमण
आशा मालवीय मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटका, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, वेस्ट बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू एवं कश्मीर राज्यों का सफर कर नई दिल्ली से भोपाल लौटी हैं।
एडवेंचर टूरिज्म विभाग की आगामी गतिविधियां
- 15-17 सितंबर को जिप्सी एडवेंचर्स, पचमढ़ी द्वारा मडई-तवा-मडई साइकिल ट्रेल का फ्लैग ऑफ एमपीटी बाइसन रिजॉर्ट मड़ई से होगा।
- 20 सितंबर को ‘राइडर्स इन द वाइल्ड’ 2.0 बाइकिंग टूर की शुरुआत होगी। जिसका समापन 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में होगा। राइड का रूट भोपाल-पचमढ़ी-सतधारा-पेंच-कान्हा-बांधवगढ़-बेड़ाघाट-भोपाल रहेगा।
- 24 सितंबर को एमपी इन्फ्लुएंसर्स एंड एडवेंचर ट्रैवल मीट 2023 का आयोजन भोपाल हाट के पास नाइन मसाला में होगा।