-मुकेश शर्मा/वेब वार्ता 9717222261
मप्र में कांग्रेस के 229 उम्मीदवार घोषित हो चुके हैं। अब सिर्फ बैतूल जिले की आमला विधानसभा सीट पर प्रत्याशी के नाम का ऐलान होना बाकी है। भाजपा के बचे 94 उम्मीदवारों की सूची जल्द घोषित होने वाली है। इधर, देर रात जारी हुई कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची के बाद विरोध शुरू हो गया। कई सीटों पर नेताओं ने पाला बदलने के संकेत भी दिए हैं। जबकि कई जगहों पर कैंडिडेट बदलने को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
महू से अंतर सिंह दरबार ने किया विरोध
महू से कांग्रेस ने राम किशोर शुक्ला को टिकट दिया है। इसके विरोध में पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार के समर्थकों ने उनके नांदेड़ स्थित निवास पर पहुंचकर रामकिशोर शुक्ला की उम्मीदवारी का विरोध किया। इसके बाद अंतर सिंह दरबार ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा है कि जिस व्यक्ति ने 2003 में कांग्रेस छोड़ दी थी उसे 15 दिन पहले पार्टी ज्वाइन कराकर टिकट दे दिया। कार्यकर्ताओं में असंतोष है, और उसको लेकर रैली निकाली जाएगी। क्षेत्रीय जनता की भावना के मुताबिक निर्णय कर रहे हैं।
मुरैना से राकेश मावई बोले- नेताओं ने किया धोखा
मुरैना में कांग्रेस विधायक राकेश मावई ने भी टिकट काटे जाने का विरोध किया है। मावई में कहा है कि पार्टी नेताओं ने उनके साथ धोखा किया है। मैं उपचुनाव में मुरैना सीट जीत कर आया था। मावई ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को टिकट काटने के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा है कि मुझे टिकट नहीं मिलने पर जनता में आक्रोश फूटेगा। कांग्रेस के इन नेताओं ने कांग्रेस का नुकसान किया है।
खातेगांव में पूर्व मंडी अध्यक्ष बंडावाला का इस्तीफा
देवास जिले के खातेगांव के पूर्व मंडी अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण बंडावाला ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। लक्ष्मीनारायण गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से विधान सभा चुनाव लड़ सकते हैं।
रीवा-जावरा और इंदौर में भी सामने आए विरोध
इसी तरह रीवा विधानसभा से राजेंद्र शर्मा को टिकट दिए जाने के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडे ने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि पांडे ने अपना इस्तीफा देने के बाद सोशल मीडिया में पोस्ट कर कहा है कि कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा दे रही हैं। वे यहां से टिकट की दावेदारी कर रही थीं।
रतलाम जिले के जावरा सीट पर भी कांग्रेस प्रत्याशी हिम्मत श्रीमाल का वीरेंद्र सिंह सोलंकी के समर्थक विरोध कर रहे हैं। उन्होंने सीट बीजेपी को गिफ्ट किए जाने की बात कही है। वहीं, इंदौर में अश्विन द्वारा निर्दलीय या आम आदमी पार्टी के माध्यम से चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।
भोपाल में कमलनाथ के बंगले के बाहर प्रदर्शन
भोपाल की बैरसिया सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस नेता राम मेहर ने विरोध दर्ज कराया है। उनके समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बंगले के बाद प्रदर्शन किया। साथ ही मुंडन भी कराया है। वे कांग्रेस प्रत्याशी हरिकरण का टिकट काटने की मांग कर रहे थे। इस दौरान राम मेहर का कहना है कि मैं 20 सालों से मेहनत कर रहा हूं। पार्टी ने सर्वे को महत्व नहीं दिया। 13 हजार वोटों से चुनाव हारने वाली नेता को टिकट दे दिया।
बीजेपी में भी इंतजार के बीच चल रहा बदलाव
इधर, भाजपा के 94 उम्मीदवारों की अंतिम सूची आज आने के कयास लगाए जा रहे हैं। इस बीच सागर में टिकट वितरण से असंतुष्ट होकर बीजेपी छोड़ चुके दो नेता सुधीर यादव और मुकेश जैन ढाना के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की बात सामने आई है।