भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया इलाके में रहने वाली पंद्रह साल की किशोरी ने आठ अक्टूबर 2021 को सुबह अपने घर में फांसी लगा ली थी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने स्लाइड ( कौमार्य परीक्षण) कराई थी। इसके बाद एफएसएल की रिपोर्ट में पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। हालांकि दुष्कर्म किसने किया था, यह अब भी अज्ञात है। पुलिस ने अब रिपोर्ट मिलने के बाद डीपीओ की सलाह पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार 15 साल की किशोरी चार बहनों में सबसे छोटी थी, जबकि उससे छोटा भाई है। दिल की बीमारी के कारण मां का करीब 13 साल पहले निधन हो चुका है। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है और वह अपने परिवार के साथ अलग रहती है। किशोरी के अलावा उसकी बड़ी दो बहनें और छोटा भाई समेत पिता उसके साथ रहते थे। 8 अक्टूबर की सुबह 2021 पिता काम पर गए थे, जबकि बड़ी बहन रिश्तेदारी में इंदौर गई थी। घर पर किशोरी और उसकी दूसरी बहन थी। किशोरी के साथ दूसरी बहन ने खाना खाया और कालेज चली गई। भाई भी सुबह झांकी में चला गया था। करीब साढ़े दस बजे भाई पहुंचा तो बहन फांसी लगा चुकी थी। भाई उसे परिचित की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचा था, वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया था। पुलिस को संदेह था कि किशोरी के साथ संभवत: कुछ गलत हुआ है। लिहाजा पुलिस ने डाक्टर से स्लाइड ( कौमार्य परीक्षण) की जांच के लिए पहुंचा दी। एफएसएल रिपोर्ट मिलने पर पता चला कि किशोरी के साथ किसी ने दुष्कर्म किया था। उसके बाद में प्रकरण दर्ज कर लिया है।