राजनांदगांव, (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग के दौरान मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। कोई शादी के जोड़े में दिखा तो कोई व्हीलचेयर पर आया। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा के मतदान केंद्र 140 में सरदार अमृत सिंह शादी के जोड़े में दुल्हा बनकर मतदान करने पहुंचा। मंगलवार को सरदार अमृत सिंह की बारात थी।
शादी के फेरे लेने से पहले सरदार अमृत परिवार के सदस्यों के साथ मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने पहले मतदान फिर विवाह का संदेश दिया। मतदान के बाद सरदार अमृत सिंह बारात के लिए रवाना हुआ। इधर, नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में भी मुस्लिम परिवार के दूल्हे ने बडे़ उत्साह के साथ मतदान किया। वे अपने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग किया। यह उनका पहला मतदान था।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 20 सीटों पर 70.87 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग की कुल 12 और दुर्ग संभाग की आठ सीटें शामिल थीं। शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 79.1 प्रतिशत मतदान भानुप्रतापपुर में और सबसे कम 40.98 प्रतिशत बीजापुर में हुआ। राज्य के 40 लाख 78 हजार 681 मतदाताओं ने 223 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया।
पहले चरण में पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह समेत तत्कालीन रमन कैबिनेट के मंत्रियों में लता उसेंडी, केदार कश्यप, महेश गागड़ा, विक्रम उसेंडी और वर्तमान भूपेश कैबिनेट के तीन मंत्रियों में मोहन मरकाम, कवासी लखमा और मोहम्मद अकबर के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व बस्तर के सांसद दीपक बैज की साख दांव पर लगी हुई है।