बिलासपुर, (वेब वार्ता)। चलिए हमने आपको टिकट दे दिया। आप जीतेंगे कैसे। चुनाव जीतने के लिए आपकी तैयारी क्या है। संगठन में काम करने का अनुभव है या नहीं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले कैलेंडर के अनुसार संगठन के कामकाज में हिस्सा लिया है या नहीं। धरना प्रदर्शन में कहां-कहां गए और कब-कब शामिल हुए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक व विधायक प्रीतम सिंह विधानसभा चुनाव लड़ने वाले दावेदारों से कुछ इस अंदाज में सवाल पूछ रहे हैं और उनकी तैयारियों का जायजा भी ले रहे हैं।
नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सत्ता व विपक्षी दल की अपनी तैयारी चल रही है। सर्वे के साथ ही दावेदारों से सीधी बात करने और उनकी तैयारियों को परखने का काम भी हो रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर वरिष्ठ पर्यवेक्षक व उत्तराखंड के विधायक प्रीतम सिंह शनिवार को एक दिवसीय प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। पदाधिकारियों व वरिष्ठ कांग्रेसजनों से औपचारिक मुलाकात के बाद कांग्रेस भवन में दावेदारों से मुलाकात की शुरुआत की। बेलतरा विधानसभा के दावेदारों से मुलाकात की शुरुआत उन्होंने की।
बेलतरा विधानसभा में सबसे ज्यादा 96 लोगों ने टिकट की दावेदारी की है। पर्यवेक्षक द्वारा दावेदारों से एक ही सवाल पूछा जा रहा है। हमने आप पर भरोसा कर टिकट आपको दे दिया तो जीतेंगे कैसे। आपकी तैयारी कैसी है। पोलिंग बूथों से लेकर बूथ, जोन कमेटी की भी जानकारी परख रहे हैं। बेलतरा के दावेदारों से चर्चा के बाद बिल्हा विधानसभा के दावेदारों से सीधी बात की। शाम सात बजे से कोटा विधानसभा के दावेदारों से चर्चा शुरू की।
कोटा को कांग्रेस का गढ़ कहने पर सवाल उठाया कि फिर वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में हम हार क्यों गए। हार का कारण क्या रहा। जब प्रदेशभर में कांग्रेस के पक्ष में लहर चल रही थी उस दौर में हम अपने गढ़ को कैसे नहीं बचा पाए। कोटा विधानसभा को लेकर पर्यवेक्षक की रुचि लगातार बढ़ते ही जा रही थी। राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों पर भी उन्होंने गौर किया। मस्तूरी, तखतपुर के बाद बिलासपुर विधानसभा के दावेदारों से सीधी बात की। देर रात तक सवाल जवाब का दौर चलते रहा।
दावेदारों को समर्थकों के साथ मिलने की दी आजादी
दावेदारों को समर्थकों के साथ अपनी बात रखने की आजादी पर्यवेक्षक ने प्रारंभ से ही दे दी थी। इसके चलते कांग्रेस भवन में समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई थी। दावेदार लाबिंग करते भी नजर आए। समर्थकों की भीड़ के साथ पर्यवेक्षक के पास पहुंचते रहे और दावेदारी ठोंकते रहे।
डिसूजा के बाद प्रीतम की वन टू वन
केंद्रीय पर्यवेक्षक व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेट्टा डिसूजा के बाद दावेदारों से सीधी बात करने प्रीतम सिंह पहुंचे। केंद्रीय पर्यवेक्षकों के प्रवास को लेकर माना जा रहा है कि टिकट वितरण को लेकर आलाकमान गंभीर है।