बिलासपुर, (वेब वार्ता)। न्यायधानी में सर्दी बढ़ने लगी है। रात कंपा रही है। सर्द हवाएं चलने लगी हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है। पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच गया हैद। इसके कारण दिन का अधिकतम तापमान भी अभी 30 डिग्री के आसपास है। मौसम अभी आने वाले दिनों में भी ऐसे ही बना रह सकता है। मौसम का मिजाज बदल रहा है। दो दिनों के अंदर न्यूनतम तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई थी
हालांकि आज इसमें थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई पारा 18.6 डिग्री सेल्सियस से चढ़कर 19.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वातावरण में गुलाबी ठंड महसूस हो रही है। आसमान बिल्कुल साफ हो चुका है। ग्रामीण अंचल और पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी का असर ज्यादा है। मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक अरब सागर में एक चक्रवात बनने की संभावना है। इसके ओमान की तरफ जाने का अनुमान है।
हालांकि इससे भारत में कोई खास असर नहीं होगा। एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में स्थित है। इसके उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर आगे बढ़ते हुए उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचते हुए अवदाब (22 अक्टूबर को) के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है। उसके बाद यह उत्तर पूर्व की आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश की ओर गमन कर सकता है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ओड़िशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश प्रभावित कर सकता है। मौसम विशेषज्ञ सिराज खान की मानें तो न्यूनतम व अधिकतम तापमान में अभी मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
बाजार में छाई खुशी
सर्दी तेज होने के साथ बाजार में रौनक बढ़ गई है। अभी से गर्म कपड़े सजने लगे हैं। इस साल सर्दी की एंट्री मानों जल्दी हो गई है। यही कारण है कि रेडिमेड दुकानों में अभी से गर्म कपड़े बिक रहे हैं। छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों के लिए गर्म कपड़े आ गए हैं।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
- बिलासपुर 31.5 19.3
- पेंड्रारोड 32.6 17
- अंबिकापुर 27.2 16
- माना 32 19.6
- जगदलपुर 30.2 18.5