बिलासपुर, (वेब वार्ता)। राज्य की सत्ता में वापसी के लिए प्रदेश भाजपा ने बस्तर और जशपुर आदिवासी अंचल से दो परिवर्तन यात्रा निकाली हैं। दोनों ही यात्रा का शनिवार को बिलासपुर में समापन होना है। समापन अवसर पर विजय संकल्प रैली व सभा का आयोजन किया गया है।
प्रधानमंंत्री नरेंद्र माेदी दाेपहर दो बजे साइंस कालेज मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। आमसभा में बिलासपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले 24 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीणों की उपस्थिति रहेगी। छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी की यह तीसरी सभा होगी।
बस्तर के दंतेवाड़ा और जशपुर से निकली परिवर्तन रथ बिलासपुर जिले के विधानसभा क्षेत्रों में घुम रही है। शनिवार की सुबह बिलासपुर पहुंचेगी। दिग्गज भाजपा नेताओं की मौजूदगी में परिवर्तन यात्रा का औपचारिक समापन होगा। जिले के विधानसभा क्षेत्रों में बीते दो दिनों से प्रचार रथ के जरिए भाजपा के कार्यकर्ता पीएम मोदी की साइंस कालेज मैदान में होने वाली सभा में शामिल होने गांव गांव प्रचार कर रहे हैं। इसका प्रभावी असर भी दिखाई दे रहा है। प्रचार रथ के जरिए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी भी दे रहे हैं। जिले के अजाजजा व ओबीसी बहुल इलाके में प्रचार रथ के जरिए माहौल बनाने की कोशिश भाजपाई कर रहे हैं।
इसलिए खास है पीएम की सभा
बीते विधानसभा चुनाव के दाैरान जब राज्य में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना था उस दौरान बिलासपुर संभाग में भाजपा की स्थिति प्रदेश के अन्य संभाग के मुकाबले राजनीतिक रूप से बेहतर थी। बिलासपुर के अलावा मुंगेली,जांजगीर चांपा में भाजपा राजनीतिक रूप से आरामदायक स्थिति में अपने आपको पाई थी। बिलासपुर संभाग की सीटों को लेकर भाजपाई रणनीतिकार अभी भी आश्वस्त हैं। मौजूदा चुनाव में यहां राजनीतिक संभावनाएं भी देखी जा रही हैं। पीएम की सभा के बाद बनने वाले राजनीतिक माहौल का असर भी आने वाले समय में दिखाई देगा।