मुंबई, 15 नवंबर (वेब वार्ता)। वनडे विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में मेजबान भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने चौथी बार वनडे विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 397 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 48.5 ओवर में 327 पर सिमट गई और मैच 70 रन से हार गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 117 रन विराट कोहली ने बनाए। वहीं, श्रेयस अय्यर ने 105 रन की पारी खेली। शुभमन गिल ने नाबाद 80 रन का योगदान दिया। कप्तान रोहित ने 47 और लोकेश राहुल ने नाबाद 39 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया।
A record-breaking evening in Mumbai! 👑👏#TeamIndia | #CWC23 | #MenInBlue | #INDvNZ pic.twitter.com/54m9syw66Z
— BCCI (@BCCI) November 15, 2023
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 134 रन बनाए। कप्तान केन विलियम्सन ने 69 रन की पारी खेली। ग्लेन फिलिप्स ने 41 रन का योगदान दिया। दोनों कीवी ओपनर कॉन्वे और रचिन 13 रन के स्कोर पर पवेलियन लौटे। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सात विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की। पहले रोहित ने तेज गति से रन बनाए फिर गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी की। रोहित ने विश्व कप में अपने 50 छक्के पूरे किए और टीम का स्कोर पावरप्ले के अंदर 50 रन के पार पहुंच गया। रोहित शर्मा साउदी की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में 47 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। हालांकि, पावरप्ले में टीम इंडिया एक विकेट के नुकसान पर 84 रन बनाने में सफल रही। गिल और कोहली ने भारत का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान गिल ने 41 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। 65 गेंद में 79 रन बनाने के बाद गिल वानखेड़े की गर्मी से परेशान हो गए। उन्हें क्रैम्प आ रहे थे और वह मैदान के बाहर चले गए।
विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने 59 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान वह एक विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने सचिन के 673 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। विराट और श्रेयस ने शतकीय साझेदारी कर भारत का स्कोर 250 रन के पार पहुंचा दिया।
विराट ने वनडे में अपना 50वां शतक लगाया और भारत का स्कोर 300 रन के पार पहुंचा दिया। वह 117 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रेयस अय्यर और भी आक्रामक हो गए। उन्होंने राहुल के साथ मिलकर भारत का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाया। इसके बाद श्रेयस ने 67 गेंद में अपना शतक पूरा किया और 70 गेंद में चार चौके और आठ छक्कों की मदद से 105 रन बनाकर आउट हुए। 49वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए सूर्यकुमार एक रन बनाकर आउट हो गए। अंत में लोकेश राहुल ने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारतीय पारी खत्म की। राहुल ने आखिरी ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और भारत का स्कोर 397 रन तक पहुंचा दिया। वह 39 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शुभमन गिल 80 रन के स्कोर पर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी ने तीन और ट्रेंट बोल्ट ने एक विकेट लिया।
दूसरी पारी में क्या हुआ?
398 रन का पीछा करते हुए कीवी टीम ने चौके के साथ शुरुआत की। हालांकि, शमी ने लगातार दो ओवरों में विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बैकफुट में ढकेल दिया। कॉन्वे और रचिन 13 रन के स्कोर पर आउट हुए। 39 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद कीवी टीम मुश्किल में थी। ऐसे में केन विलियम्सन ने डेरिल मिचेल के साथ शानदार साझेदारी कर कीवी टीम को मैच में वापस ला दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी की। इस दौरान भारतीय टीम ने कुछ गलतियां भी कीं। शमी ने विलियम्सन का आसान कैच छोड़ा, लेकिन उन्होंने ही विलियम्सन को 69 रन के स्कोर पर आउट कर भारत की वापसी कराई। इसी ओवर में उन्होंने टॉम लाथम को आउट कर दिया। लाथम अपना खाता तक नहीं खोल सके।
We are #TeamIndia 🇮🇳🫶#CWC23 | #MenInBlue | #INDvNZ pic.twitter.com/HrUuQFzi1K
— BCCI (@BCCI) November 15, 2023
ग्लेन फिलिप्स ने मिचेल के साथ साझेदारी कर न्यूजीलैंड को मैच में बनाए रखा। दोनों के बीच 75 रन की साझेदारी हुई। फिलिप्स 41 रन के स्कोर पर आउट हुए और मैच में टीम इंडिया वापस आ गई। इसके बाद चैपमैन भी दो रन बनाकर आउट हो गए। रन गति का दबाव बना तो मिचेल भी 134 रन के निजी स्कोर पर आउट हुए। यहीं से भारत की जीत पक्की हो गई। सैंटनर और साउदी नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। फर्ग्यूसन छह रन बनाकर आउट हुए। बोल्ट दो रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए शमी ने सात विकेट लिए। बुमराह, सिराज और कुलदीप को एक-एक विकेट मिला।