नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। आज जहां BJP के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर नड्डा (JP Nadda) ने पार्टी को और आगे ले जाने के लिए एक पल भी ना बैठने का संकल्प लेने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे। वहीं इस ख़ास मौके पर उन्होंने अपनी ड्राइंग कला के भी जौहर दिखाए।
दरअसल BJP के 44वें स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दीवार लेखन कार्यक्रम के दौरान दीवार पर आज बाकयदा BJP का लोगो पेंट किया। इसके लिए उन्होंने बाकायदा कुची का प्रयोग कर दीवार पर कमल के फूल की प्रतिकृति को उकेरा. इस कार्य में वे इतने तल्लीन दिखाई दिए, जैसे वे पार्टी को एक नयी दिशा और सोच प्रदान करने की कोशिश कर रहे हों।
#WATCH | BJP National President JP Nadda paints the party’s ‘Lotus’ symbol in Delhi, on BJP’s 44th foundation day. pic.twitter.com/S5mt9MBMAn
— ANI (@ANI) April 6, 2023
जानकारी दें कि, आज BJP के 44वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने कच्छ से लेकर पूर्वोत्तर तक अपनी सरकारें बनाईं और जम्मू से लेकर केरल तक पार्टी ने अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा, “आज पार्टी द्वारा 1 लाख 80 हजार शक्ति केंद्रों पर काम किया जा रहा है और 8 लाख 40 हजार बूथों पर भाजपा का बूथ अध्यक्ष मौजूद है।”
नड्डा ने कहा कि पिछले कुछ सालों में BJP उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में दोबारा सत्ता में भी लौटी है जबकि गुजरात में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उसने फिर से सत्ता में वापसी की है। उन्होंने कहा, “हम सबके लिए खुशी का विषय है कि भारतीय जनता पार्टी को उत्कर्ष की स्थिति में पहुंचाने में प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व अहम है…पार्टी को एक लंबी छलांग लगाने में प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व अहम है… यह हमारे लिए गौरव का विषय है, खुशी का विषय भी है। हमें यहां पर यह संकल्प लेना होगा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम एक पल भी बैठने वाले नहीं हैं और आज संकल्प लेते हुए पार्टी को और आगे ले जाएंगे।”
नड्डा ने कहा, “आज के दिन हम संकल्प लेते हैं कि भारत की सेवा में करोड़ों कार्यकर्ता लगेंगे। अमृत काल को सफल बनाएंगे। 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा, इसके लिए हम पूरी ताकत लगाएंगे।” इस कार्यक्रम से पहले नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा भी फहराया। इससे पहले, नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, “BJP के 44वें ‘स्थापना दिवस’ पर हार्दिक शुभकामनाएं। अपने त्याग, श्रम व निःस्वार्थ सेवा से भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाने वाले कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय व सेवा के संकल्प से श्रेष्ठ भारत निर्माण के लिए हम सभी समर्पित हैं।”