16.1 C
New Delhi
Wednesday, November 29, 2023

इजराइल से 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था हुआ रवाना, अब तक कुल 644 लोगों को किया रेस्क्यू

यरुशलम, (वेब वार्ता)। इजराइल-हमास संघर्ष के बीच (Israel-Hamas War) इजराइल छोड़ने के इच्छुक 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था शनिवार को एक विशेष उड़ान से स्वदेश के लिए रवाना हुआ। ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत विशेष उड़ानें उन भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा के लिए 12 अक्टूबर को शुरू की गईं, जो गाजा से हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइली शहरों पर किए गए भीषण हमलों के बाद पैदा हुए हालात के मद्देनजर स्वदेश लौटना चाहते हैं। इन हमलों के कारण क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ‘‘ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है। 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।” भारतीय दूतावास ने कहा था कि शनिवार को बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। पहली उड़ान स्थानीय समयानुसार अपराह्न 5:40 बजे रवाना हुई। दूसरी उड़ान स्थानीय समयानुसार रात 11:00 बजे निर्धारित है और इसमें 330 यात्री सवार हो सकते हैं। स्वदेश के लिए 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 5.40 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8.10 बजे) रवाना हुआ।

राजदूत संजीव सिंगला ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘दूतावास इजराइल में हमारे उन सभी नागरिकों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है जो देश छोड़ना चाहते हैं। हमने छात्रों, नर्स और व्यवसायी समेत अन्य लोगों से संपर्क किया है। उनमें से कुछ वास्तव में स्वयंसेवकों के रूप में हमारे साथ काम कर रहे हैं। हम सभी से संयमित रहने का आग्रह करते हैं।” इजराइल में भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘दूतावास ने शनिवार को दो विशेष उड़ानों को लेकर अगले जत्थे के लिए पंजीकृत भारतीय नागरिकों को ई-मेल किया है। अन्य पंजीकृत लोगों को संदेश बाद की उड़ानों के लिए भेजा जाएगा।”

दूतावास के डेटाबेस में सभी भारतीयों को पंजीकृत करने के लिए भारतीय दूतावास द्वारा शुरू किए गए एक अभियान के बाद यात्रियों को ‘‘पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर चुना जाता है। उनकी वापसी का खर्च सरकार उठा रही है। इजराइल से पहली विशेष उड़ान बृहस्पतिवार को 212 लोगों को लेकर रवाना हुई। 235 भारतीय नागरिकों के दूसरा जत्थे ने शुक्रवार देर रात उड़ान भरी। अब तक कुल 644 भारतीय नागरिकों की इजराइल से निकासी हो चुकी है।

इजराइल में नर्स, छात्रों, कई आईटी पेशेवरों और हीरा व्यापारियों समेत लगभग 18,000 भारतीय नागरिक रहते हैं। सात अक्टूबर को गाजा पट्टी से हमास आतंकवादियों द्वारा इजराइल पर अभूतपूर्व हमले के बाद भारतीय नागरिकों की निकासी की शुरुआत हुई। हमास के हमले में इजराइल में 1,300 से अधिक लोग मारे गए हैं जबकि इजराइल की जवाबी कार्रवाई में गाजा में कम से कम 1,900 लोग मारे गए हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

10,370FansLike
10,000FollowersFollow
1,156FollowersFollow

Latest Articles