नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब बीबीसी के खिलाफ फेमा उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने विदेशी फंडिंग में अनियमितता के लिए बीबीसी इंडिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरवरी में, आयकर (आई-टी) विभाग की एक टीम ने मीडिया समूह ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग सर्विस (बीबीसी) के मुंबई स्टूडियो और दिल्ली में कार्यालय में ‘सर्वे’ किया था।
बीबीसी ने तब कहा था कि वह अधिकारियों को पूरा सहयोग कर रहा है। बीबीसी ने एक ट्वीट में कहा था, आयकर अधिकारी इस समय नई दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में हैं और हम पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि इस स्थिति को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाएगा।
मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि ईडी की ओर से बीबीसी इंडिया से जुड़े लोगों को समन भेजा जा रहा है। बीते दो सप्ताह के अंदर ईडी ने बीबीसी के 6 अधिकारियों को दफ्तर में बुलाया था और उनसे पूछताछ की थी। इन लोगों से कुछ वित्तीय दस्तावेज भी पेश करने को कहा गया है। फरवरी में बीबीसी के दफ्तर पर आईटी टीम ने सर्च की थी और उसके आधार पर ही यह नोटिस भेजा गया है
फरवरी में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने बताया था कि बीबीसी से मिले दस्तावेजों के मुताबिक उसकी कमाई भारत में उसके कामकाज से मेल नहीं खाती है। इसके अलावा विदेशों से मिली रकम पर उसने टैक्स भी नहीं दिया है।
बीबीसी प्रवक्ता ने इनकम टैक्स की कार्रवाई पर कहा था कि हम एक कंपनी के तौर पर जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, ‘बीबीसी भरोसेमंद और स्वतंत्र मीडिया संस्थान है। हम अपने सहकर्मियों और पत्रकारों के साथ खड़े हैं। हम बिना किसी भय और पक्षपात के अपनी रिपोर्टिंग जारी रखेंगे।’
सर्वेक्षणों के बाद, आयकर विभाग ने कहा था कि उसने स्थानांतरण मूल्य निर्धारण दस्तावेज के संबंध में कई विसंगतियां पाई हैं। इसने यह भी कहा कि बीबीसी द्वारा दिखाई गई आय और लाभ भारत में ऑपरेशन के पैमाने के अनुरूप नहीं हैं। अब सूत्रों ने दावा किया है कि ईडी ने आई-टी सर्वे के आधार पर बीबीसी के खिलाफ फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के उल्लंघन का केस दर्ज किया है।