मुंबई, 29 अगस्त (वेब वार्ता/सईद अहमद।)। 2024 चुनाव की तैयारियों में जहां सत्ता पक्ष विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जुटा है, वहीं विपक्ष एक जुटता को लेकर हर संभव प्रयास कर रहा है। इसके लिए देश भर से दिग्गज नेता मुंबई में जुटने वाले हैं। गौरतलब है कि विपक्ष ने एक जुटता के साथ एनडीए का मुकाबला करने के लिए I.N.D.I.A का गठन किया है। इस गठबंधन में अभी तक 26 दल शामिल है। और कई दौर की बैठके हो चुकी है। गठबंधन की बैंगलोर की बैठक की सफ़लता के बाद मुंबई में बैठक की योजना बनाई थी। जिसको अमली जामा पहनाने के लिए महाविकास अघाड़ी के सभी दल मुंबई के ग्रांड हयात होटल में मंथन करते रहे।
सम्मेलन की रूपरेखा, गठबंधन का एजेंडा, स्वागत कार्यक्रम से लेकर चिंतन मनन, भोजन व्यवस्था, ठहरने का इंतजाम, आने जाने के साधन, मीडिया की व्यवस्था आदि पर बैठके होती रहीं। मुख्य रूप से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, शिवसेना की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, संजय राउत, एम एल ए जीशान सिद्दीकी, नाना पटोले, नसीम खान सहित विभिन्न दलों के महाराष्ट्र प्रमुख मंथन करते नजर आए। हालांकि गठबंधन का मुखिया न होने के कारण मीडिया को कोई सही जानकारी नहीं दे पा रहा था। मीडिया को होटल के बाहर ही इंतजार करना पड़ा।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक I.N.D.I.A गठबंधन से 12 छोटे राजनीतिक दल जुड़ सकते हैं। इन 12 दलों में पी एंड वर्कर्स पार्टी, पूर्व सांसद राजू शेट्टी की पार्टी स्वाभिमानी शेतकरी संगठन सहित अन्य छोटे दल हैं। महाराष्ट्र के इन 12 छोटे दलों ने महा विकास अघाडी से अलग अपना एक ग्रुप बनाया था और बीजेपी के खिलाफ अभियान चला रहे थे। हाल ही में शरद पवार और उद्धव ठाकरे ने इस ग्रुप से संपर्क किया था और इंडिया गठबंधन को साथ देने की अपील की थी।
इंडिया गठबंधन की मुंबई बैठक को कामयाब बनाने के लिए महाविकास आघाडी के तीनों दलों का एक ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में कुल 18 नेता हैं। महा विकास आघाड़ी के हर दल के 6 नेताओं को इस ग्रुप में स्थान दिया गया है। सुपर 18 में प्रमुख नेता उद्धव ठाकरे, शरद पवार, सुप्रिया सुले, संजय राउत, अशोक चव्हाण, नाना पटोले और जयंत पाटिल हैं। मुंबई बैठक के समन्वय के लिए कांग्रेस की तरफ से बनाए गए कोर ग्रुप के सदस्य नसीम खान ने कहा है कि महाविकास आघाडी मुंबई बैठक की मेजबान है। इस बैठक को कामयाब बनाने की जिम्मेदारी हम पर है। महाविकास आघाडी के तीनों दलों की एक कोआर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है। इस समिति की तरफ से सारी व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की संस्कृति, परंपरा के हिसाब से मुंबई आने वाले मेहमानों का स्वागत किया जाएगा। बैठक का मुख्य एजेंडा संयोजक का चुना जाना है। साथ ही गठबंधन में शामिल होने वाले दलों के नामों की घोषणा भी की जाएगी। साथ ही झंडा कैसा हो इस पर विचार तो किया जा सकता है, फिलहाल झंडा के रंग, आकार और डिजाइन की घोषणा नहीं किए जाने की संभावना है।