29.1 C
New Delhi
Sunday, March 26, 2023

Delhi-NCR Weather News : ऑफिस बंद करो यार, दुकान भी नहीं खोल पाऊंगा… आज की सर्दी में तो दिल तो यही कह रहा

नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। देश के उत्तर-पश्चिमी राज्य शीतलहर का प्रकोप झेल रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान आदि प्रदेशों के कुछ हिस्से तो घने कोहरे की चपेट में हैं। शीतलहर के साथ धुंध के कारण इन प्रदेशों में ठंड से लोगों की कंपकंपी छूट रही है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (Delhi-NCR) में कड़ाके की ठंड से घरों के कारण निकलना मुहाल हो रहा है। लेकिन, ऑफिस या बिजनस के लिए घर से निकलने की मजबूरी भी तो है ही। सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें हो रही है जिन्हें इस ठंड में भी बाइक चलाकर यात्रा करनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर और मध्य भारत में धुंध छाए हुए हैं और कहीं-कहीं बादल भी छाए हुए हैं। इससे देश के ज्यादातर हिस्से प्रचंड ठंड की चपेट में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप थोड़ा ज्यादा है।

दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों- नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद में सर्दी का सितम अच्छे से महसूस किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। आज दिल्ली और नोएडा में अधिकतम तापमान 17 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई है। अनुमानों में बताया जा रहा है कि 7 जनवरी को दिल्ली और नोएडा के आसमान में बादल छा सकते हैं। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, फरीदाबाद और गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 16 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिर्गी सेल्सियस मापा गया है।

उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश में भारी ठंड

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में शीतलहर चल रही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एम दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद वातावरण में मौजूद नमी से कोहरे जैसे हालात हैं। बीते चार दिनों से घना कोहरा बन रहा है। मंगलवार को भी सुबह घना कोहरा छाया था, जो दिन चढ़ने के बाद भी नहीं छंटा‌। कोहरे की परत के कारण धूप नहीं खिली जिससे गलन बढ़ गई। 6-8 किमी/घंटे के रफ्तार से चली बर्फीली हवाओं ने हालात और खराब कर दिए। यूपी में लखनऊ और कानपुर सबसे सर्द रहे। कानपुर में दिन का पारा 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ‌। इसके अलावा बरेली में भी पारा 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा‌।

वहीं, पूरे मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। बुधवार को राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में चिलचिलाती ठंड के साथ सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इससे पहले मंगलवार को सीधी, खंडवा, खरगोन, बैतूल, नर्मदापुरम, रीवा, सतना को छोड़ प्रदेश के बाकी 45 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान कुछ जगहों पर बादल छाने और बारिश होने का भी अनुमान है। दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में हल्का इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि जबलपुर, नर्मदपुरम, बैतूल, पचमढ़ी, भोपाल और इंदौर के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं बादल और हल्की बारिश भी हो सकती है।

हरियाणा-हिमाचल में ठंड का प्रकोप

पहाड़ों से मैदानों की ओर बहने वाली शीतलहर से हरियाणा में तापमान लगातार गिर रहा है। हिसार प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां ठंड से 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया। हिसार में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया जो सामान्य से 8.6 डिग्री कम रहा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्विद्यालय की कृषि मौसम वेधशाला में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन का दिन का सबसे कम तापमान है और 2011 के बाद दिन का इतना कम तापमान दर्ज किया गया है जो सामान्य से 8.6 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले 2 जनवरी 2011 को 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हिसार में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य के आसपास ही है। दिन और रात्रि तापमान में अंतर कम होने से भी ठंड का प्रभाव ज्यादा होता है।

मौसम विभाग ने हिसार में मंगलवार को सीवीआर कोल्ड डे यानी अति शीतलहर वाला दिन घोषित किया है। वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हरियाणा के 13 जिलों में शीत लहर के कारण रेड अलर्ट की चेतावनी दी है। शीत लहर के कारण बुधवार को कई जिलों में कोल्ड डे जैसी है। इसमें दिन और रात का तापमान का अंतर कम हो जाता है। मंगलवार को भी हरियाणा राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में गहरी धुंध या घना कोहरा छाया रहा। कुछ एक स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम आंकी गई।

उधर, हिमाचल प्रदेश में धुंध के चलते जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। सुबह-सवेरे गाड़ियां हेड लाइट ऑन करके सड़कों पर रेंगती हुई नजर आईं। हिमाचल में 7 और 8 जनवरी को मौसम करवट लेगा और बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। अगले तीन दिन में ऊना, बिलासपुर, सोलन, हमीरपुर और कांगड़ा जिले के कुछ क्षेत्रों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रहेगी।

बिहार-झारखंड में कड़ाके की ठंड

बिहार और पड़ोसी राज्य झारखंड की हवा में काफी कनकनी है। सुबह में कोहरे के साथ दिनभर काफी ठंड होती है। राजधानी पटना और गया के तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस और गया का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, झारखंड में ठंड बढ़ने के कारण कक्षा 1 से 5 तक के सभी स्कूल 8 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। 7 जनवरी तक सुबह में कोहरे या धुंध के बाद आंशिक बादल छा सकते है। इस दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

राजस्थान में सर्दी का सितम

राजस्थान में पिछले 24 घंटो में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की ओर गिरावट दर्ज हुई है। आज सीकर, चूरु जिलों में पारा जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया है। चूरू में माइनस -0.9 डिग्री और फतेहपुर, सीकर में माइनस -1.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम केंद्र जयपुर के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा का कहना है कि शीत लहर से अति शीतलहर का यह दौर आगामी तीन-चार दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान राज्य के उत्तरी और पूर्वी भागों में कहीं -कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही शीतदिन और पाला (Ground frost) दर्ज होने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 7 जनवरी से न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है।

मुंबई में बढ़ने लगी ठंड

जनवरी शुरू होते ही मुंबई का न्यूनतम तापमान लुढ़कना शुरू हो गया है। इससे जहां ठंड पड़नी शुरू हो गई है, वहीं हवा पर भी इसका असर हो रहा है। मंगलवार को मुंबई की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। बीते 3 दिन से ठंड (Mumbai Cold) ज्यादा पड़ रही है। उत्तर-पूर्वी दिशा से चलने वाली हवा की वजह न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम का आकलन करने वाली निजी संस्था स्काइमेट के प्रमुख वैज्ञानिक महेश पालावत ने बताया कि उत्तर भारत की ठंडी हवा राजस्थान, गुजरात होते हुए कोकण में आ रही है। दक्षिण कोकण, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग जिलों में भी ठंड का ऐसा ही असर है। उन्होंने बताया कि ठंड का असर अगले 5 दिन तक रहेगा। दूसरी ओर, बढ़ती ठंड की वजह से वायु गुणवत्ता (Mumbai Air Quality) पर काफी असर पड़ रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

10,370FansLike
10,000FollowersFollow
1,129FollowersFollow

Latest Articles