Sunday, February 1, 2026
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़ें

फिनलैंड लगातार आठवीं बार सबसे खुशहाल देश, अमेरिका की रैंकिंग में गिरावट

लंदन, (वेब वार्ता)। फिनलैंड ने लगातार आठवीं बार दुनिया के सबसे खुशहाल देश का खिताब अपने नाम किया है। हाल ही में प्रकाशित वर्ल्ड हैपिनेस रिपोर्ट 2024 में फिनलैंड को इस खिताब से नवाजा गया। इस रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि फिनलैंड के लोग दुनिया में सबसे अधिक संतुष्ट जीवन जी रहे हैं। फिनलैंड के बाद डेनमार्क, आइसलैंड और स्वीडन जैसे नॉर्डिक देशों ने भी शीर्ष स्थान हासिल किए हैं। रिपोर्ट में देशों की रैंकिंग उनके नागरिकों की जीवन की गुणवत्ता, सामाजिक सहयोग, आर्थिक स्थिरता और मानसिक स्वास्थ्य के आधार पर तय की गई है।

फिनलैंड का लगातार शीर्ष स्थान पर रहना इस बात को दर्शाता है कि वहां के नागरिक अपनी सरकार, पड़ोसियों और सामाजिक ढांचे पर मजबूत विश्वास रखते हैं। फिनलैंड की एक रिपोर्ट के अनुसार, वहां के लोगों का कहना है कि उन्हें प्रकृति से जुड़ाव, नए अवसरों की उपलब्धता और सुरक्षित वातावरण सबसे ज्यादा खुशी देता है। फिनलैंड में हर रिहायशी इलाका जंगल या पार्क से केवल दस मिनट की पैदल दूरी पर स्थित है, जिससे लोगों को मानसिक शांति और ताजगी मिलती है। इसके अलावा, वहां के नागरिक स्वतंत्रता, प्रेस की आजादी और सामाजिक सुरक्षा का आनंद उठाते हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि समाज में आपसी सहयोग और विश्वास की भावना किसी देश के नागरिकों को खुशहाल बनाती है। एक अध्ययन के अनुसार, जिन देशों में लोगों को यह भरोसा होता है कि अगर उनका कोई कीमती सामान खो जाए तो उसे कोई वापस लौटा देगा, वे देश ज्यादा खुशहाल होते हैं। इस मामले में भी फिनलैंड और अन्य नॉर्डिक देश सबसे आगे हैं।

दूसरी ओर, अमेरिका की खुशहाली में भारी गिरावट दर्ज की गई है। 2012 में 11वें स्थान पर रहने वाला अमेरिका अब 24वें स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिकी समाज में अकेलापन बढ़ रहा है और परिवारों के साथ मिलकर खाने की परंपरा कम होती जा रही है। पिछले दो दशकों में अकेले खाने के चलन में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ब्रिटेन की खुशहाली में भी गिरावट आई है और वह अब 23वें स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में भारत की स्थिति भी चिंताजनक बताई गई है। भारत की रैंकिंग पाकिस्तान से भी नीचे है, जिससे यह जाहिर होता है कि यहां सामाजिक और आर्थिक चुनौतियां लोगों के जीवन की संतुष्टि को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, अफगानिस्तान इस सूची में सबसे निचले स्थान पर है। अफगानिस्तान की महिलाओं ने अपनी स्थिति को बेहद कठिन बताया है। सिएरा लियोन और लेबनान भी दुनिया के सबसे कम खुशहाल देशों में शामिल हैं।

Author

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
spot_img

Latest

spot_img
spot_img

More articles

spot_img