जयपुर, (वेब वार्ता)। राजस्थान के लिए आज का दिन खुशी का दिन है। आज प्रदेश की बेटी नीरू यादव ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की हॉट सीट पर दिखाई देंगी। इस दौरान शो के होस्ट अमिताभ बच्चन उनसे सवाल पूछेंगे। उन्हें इस शो में स्पेशल गेस्ट के तौर पर बुलाया गया है। इस शो का प्रसारण 11 सितंबर, सोमवार को 9 बजे सोनी लिव चैनल पर किया जाएगा। नीरू यादव राजस्थान के झुंझुनू जिले के एक गांव की सरपंच हैं। उन्हें ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से भी जाना जाता है। आइये जानते हैं नीरू यादव का गांव की लड़कियों के लिए किए गए प्रयासों के बारे में, इसके साथ ही नीरू यादव की जिंदगी के बारे में भी आपको बताएंगे।
राजस्थान के झुंझुनू जिले की बुहाना तहसील में एक गांव पड़ता है लाम्बी अहीर। नीरू यादव इस गांव की सरपंच हैं। 2020 में हुए चुनाव में जीत दर्ज कर गांव की मुखिया बनीं नीरू यादव ने अपने गांव की लड़कियों की जिंदगी को संवारने के लिए काफी प्रयास किए हैं। 2020 में गांव का सरपंच चुने जाने के बाद नीरू ने गांव की शिक्षा, चिकित्सा और खेल को लेकर सराहनीय काम किया है।
हॉकी वाली सरपंच के नाम से मशहूर
आज कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट पर बैठने की तैयारियों में जुटी नीरू यादव ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से मशहूर हैं। दरअसल उन्होंने गांव की लड़कियों की एक हॉकी टीम बनाई है। इस हॉकी टीम के लिए उन्होंने अपने खर्चे पर एक कोच की भई व्यवस्था की है। हॉकी को लेकर गांव में किए गए उनके प्रयासों के कारण ही उन्हें ‘हॉकी वाली सरपंच’ के नाम से जाना जाता है।
हरियाणा में गुजरा बचपन
हॉकी वाली सरपंच नीरू यादव ने ये सफर बहुत मेहनत से तय किया है। नीरू यादव का बचपन हरियाणा के नारनौल में गुजरा है। इसी जगह से उनकी पढ़ाई भी पूरी हुई है। यहां के नारनौल गर्ल्स कॉलेज से नीरू ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है। बाद में साल 2020 में गांव के सरपंच का चुनाव लड़ीं और अब सरपंच बन गांव की सेवा कर रही हैं।