नई दिल्ली, (वेब वार्ता)। एक तरफ जहा दुनियाभर में महंगाई बढ़ी हुई है वही दूसरी तरफ बड़ी-बड़ी कंपनियों में छंटनी (Layoff) थमने का नाम नहीं ले रही है। गूगल की ही एक कंपनी अल्फाबेट ने 12 हजार कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया है। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट ने 10,000 और अमेजन ने 10,000 लोगों को निकालने की बात सामने आ चुकी हैं। Google की कंपनी अल्फाबेट ने 20 जनवरी को बताया कि वह लगभग 12,000 नौकरियों को कम करेगी और कंपनी के कर्मचारियों की कटौती करने की योजना बना रही है।
अमेरिकी कर्मचारियों पर तुरंत असर
गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुन्दर पिचाई (Google CEO Sundar Pichai )ने शुक्रवार को एक ईमेल में कर्मचारियों को बताया कि वह उन फैसलों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं जो हमें इस स्थिति में ले आए हैं। सुंदर पिचाई ने ईमेल के माध्यम से कहा कि मैं अपने मिशन की ताकत, सेवाओं की वैल्यू और एआई में हमारे शुरुआती निवेश की बदौलत हमारे सामने बड़े अवसर को लेकर आश्वस्त हूं। गूगल ने कहा कि छंटनी का तुरंत असर अमेरिकी कर्मचारियों पर पड़ेगा। Google के CEO ने कहा कि कंपनी नोटिस अवधि यानी 60 दिन का पूरा पेमेंट कर्मचारियों को करेगी। बता दें कि नवंबर 2022 में रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमे बताया गया था कि गूगल सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले 6 फीसदी कर्मचारियों की पहचान कर रहा है।
1.56 लाख लोग हैं कार्यरत
बता दें कि Google से पहले इसी सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 10 हजार कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है। जबकि, उससे पहले अमेजन ने भी 10 हजार लोगों को बाहर करने की बात कही थी। इसके अलावा मेटा और ट्विटर भी हाल के महीनों में अपने कर्मचारियों में कटौती कर चुके हैं। माना जा रहा है कि अब गूगल ने उन सभी 6 फीसदी कर्मचारियों को बाहर निकालने की घोषणा की है। Google में 2021 के अंत तक लगभग 1.56 लाख लोग कार्यरत रहे हैं।